जमशेदपुर से आतंकी गिरफ्तार: दिल्ली स्पेशल सेल का बड़ा एक्शन

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने जमशेदपुर के कपाली थाना क्षेत्र में एक बड़े ऑपरेशन को अंजाम दिया है। खुफिया इनपुट के आधार पर की गई इस छापेमारी में पुलिस ने दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि पकड़े गए आरोपियों का संबंध सीमा पार के आतंकी संगठनों से हो सकता है।

सूत्रों के मुताबिक, यह पूरी कार्रवाई गणतंत्र दिवस के मौके पर देश को दहलाने की आतंकी धमकी के सिलसिले में की गई है। हाल ही में जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा जैसे संगठनों द्वारा 26 अलग-अलग ठिकानों पर धमाके करने की धमकी मिली थी।

दिल्ली पुलिस ने इस मामले की तफ्तीश के दौरान 14 संदिग्धों की तस्वीरें जारी की थी। जिनमें आजाद नगर निवासी अयान का नाम भी शामिल था। इसी जांच की कड़ी को जोड़ते हुए पुलिस कपाली तक पहुंची।

Advertisement

इनपुट मिलते ही अल-कबीर पॉलिटेक्निक के पास घेराबंदी
पुलिस को सटीक जानकारी मिली थी कि कपाली थाना क्षेत्र के अल-कबीर पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास एक घर में संदिग्ध छिपे हुए हैं। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से इलाके की घेराबंदी की और मो. शमी व उसके एक अन्य साथी को धर दबोचा।

कार्रवाई की मुख्य बातें

स्थान: अल-कबीर पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास, कपाली।

मुख्य आरोपी: मो. शमी और उसका साथी।

एजेंसी: दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल (क्राइम ब्रांच)।

वजह: आतंकी साजिश और संदिग्ध गतिविधियां।

पूछताछ के लिए दिल्ली ले गई पुलिस
गिरफ्तारी के बाद दोनों संदिग्धों को पहले कपाली थाना लाया गया, जहां उनसे प्रारंभिक पूछताछ की गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए दिल्ली पुलिस की टीम ट्रांजिट रिमांड की प्रक्रिया पूरी कर दोनों को अपने साथ नई दिल्ली ले गई है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उनके स्लीपर सेल से क्या संबंध हैं और शहर में उनके निशाने पर क्या था।

Share This Article