“95 वर्षीय बुजुर्ग से 85 हजार लेने का आरोप! पलामू के मनातू अंचल में सरकारी अमीन पर उठे गंभीर सवाल”

KK Sagar
3 Min Read

खबर प्रकाशित होते ही दलालों की बढ़ी सक्रियता, ग्रामीणों में चर्चा तेज

मनातू : पलामू जिले के मनातू प्रखंड स्थित अंचल कार्यालय में कार्यरत सरकारी अमीन जनेश्वर सिंह एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गए हैं। जमीन संबंधी कार्यों में अवैध वसूली और आम लोगों को परेशान करने के गंभीर आरोप सामने आए हैं।

एक 95 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि जमीन संबंधी काम कराने के नाम पर उनसे करीब 85 हजार रुपये लिए गए, लेकिन महीनों बीत जाने के बावजूद उनका कार्य पूरा नहीं हुआ। बुजुर्ग का कहना है कि वे लगातार अंचल कार्यालय और ब्लॉक के चक्कर काटने को मजबूर हैं।

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि दाखिल-खारिज, बंदोबस्ती और अन्य जमीन से जुड़े कार्य बिना पैसे के नहीं किए जाते। लोगों का कहना है कि मनातू में पदस्थापन के बाद से ही अमीन जनेश्वर सिंह लगातार विवादों में बने हुए हैं और आम लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

ग्रामीणों के अनुसार, अमीन ने कुछ लोगों के सामने कथित तौर पर कहा कि “जिसको जितना ताकत लगाना है लगा ले, मुझे फर्क नहीं पड़ने वाला। मेरे संबंध बड़े नेताओं और मंत्रियों से हैं।”

इस कथित बयान के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है और लोग प्रशासनिक कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

वहीं, झारखंड मुक्ति मोर्चा के एक स्थानीय नेता ने मामले को गंभीर बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कर्मी पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि आम जनता का भरोसा प्रशासन पर बना रहे।

ग्रामीणों का कहना है कि राज्य सरकार और हेमंत सोरेन द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाने के बावजूद कुछ अंचल कर्मियों का मनोबल बढ़ता जा रहा है, जिससे सरकार की छवि प्रभावित हो रही है।

सूत्रों के मुताबिक, खबर सामने आने के बाद अमीन से जुड़े कुछ कथित दलाल संबंधित बुजुर्ग के घर पहुंचकर खबर को बदलवाने और मामले को दबाने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, इस बात की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....