विधायक संजीव सिंह द्वारा लगाई गई इच्छा मृत्यु के आवेदन को कोर्ट ने किया ख़ारिज : जेल सुपरीटेंडेंट को किसी अस्पताल में भर्ती कराने के दिए निर्देश
1 min read
मिरर मीडिया : नीरज सिंह हत्याकांड मामले में जेल बंद झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह द्वारा लगाई गई इच्छा मृत्यु की गुहार के लिए दिए गए आवेदन को कोर्ट ने ख़ारिज कर दिया है। साथ ही धनबाद जेल सुपरीटेंडेंट को निर्देश दिया है कि पूर्व विधायक संजीव सिंह को किसी अस्पताल में भर्ती कराया जाए।
बता दें कि संजीव सिंह फिलहाल धनबाद के सरकारी अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। वे पिछले 11 जुलाई से धनबाद के SNMMCH में भर्ती है। सूत्रों के अनुसार पूर्व विधायक का वजन तेजी से घट रहा है। 16 दिनों में उनका वजन 13 किलो कम गया है। बुधवार को डॉक्टरी जांच में वजन कम पाया गया है।
ज्ञात रहे कि विगत 10 जुलाई को धनबाद जेल में ही संजीव सिंह कुर्सी से गिर गए थे जिससे वे चोटिल हो गए थे और उन्हें धनबाद के SNMMCH में भर्ती कराया गया है। वहीं कोर्ट ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें रिम्स ले जाने का आदेश दिया है लेकिन संजीव सिंह ने अपनी जान के खतरे की आशंका जताते हुए रिम्स जाने से इनकार कर दिया है।