शंखध्वनि और महिलाओं की अगुवाई में झारखंड मैदान से निकली भव्य शोभायात्रा : लोको टैंक में हुआ मां दुर्गा का विसर्जन

KK Sagar
3 Min Read

धनबाद। सत्यम शिवम सुंदरम दुर्गा पूजा कमेटी, झारखंड मैदान के तत्वावधान में शनिवार, 4 अक्टूबर को मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन बड़े ही धूमधाम और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। सुबह 11 बजे से शुरू हुई यह शोभायात्रा भक्तिमय माहौल और सांस्कृतिक झलकियों के कारण लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही।

शोभायात्रा का अद्भुत नजारा

इस बार का विसर्जन जुलूस बेहद खास और आकर्षक रहा। सबसे आगे 20 कन्याएं स्कूटी पर सवार थीं, जिनके सिर पर पारंपरिक साफा बंधा हुआ था। इसके ठीक पीछे सुनामी बैंड की पार्टी अपनी मधुर धुनों से वातावरण को गूंजा रही थी।
जुलूस में शामिल 25 महिलाएं धूप-धोनी के साथ चल रही थीं, वहीं छोटे साउंड सिस्टम और जनरेटर के सहारे भक्ति गीतों ने माहौल को और अधिक भव्य बना दिया।

इसके बाद 15 महिलाएं छावा लिए हुए, 10 महिलाएं शंख बजाती हुईं और 10 महिलाएं भगवान की छत्री थामे आगे बढ़ रही थीं। दिल्ली का प्रसिद्ध धोनी बैंड अपनी ताल से लोगों को मंत्रमुग्ध कर रहा था।

राधा-कृष्ण झांकी बनी आकर्षण का केंद्र

शोभायात्रा में सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र रही कोलकाता से आई राधा-कृष्ण की झांकी। इस झांकी में राधा और कृष्ण के साथ दो मोर तथा छह सखियों की सुंदर प्रस्तुति ने लोगों का मन मोह लिया।

इसके ठीक पीछे काशी की डमरु पार्टी, छावा का दल और राम सेना के 25 सदस्य तलवार के साथ कदमताल करते नजर आए। शोभायात्रा के अंत में 50 महिलाएं और डेढ़ सौ पुरुष स्वयंसेवक साफा पहनकर शामिल हुए, जिससे पूरे जुलूस का नजारा भव्य और अनुशासित दिखाई दे रहा था।

प्रतिमा के साथ धाकी मंडली

विसर्जन के दौरान मां की प्रतिमा के साथ वर्धमान की धाकी मंडली की उपस्थिति ने उत्सव को और ऊर्जावान बना दिया। ढोल-नगाड़ों की गूंज और भक्तों की जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।

विसर्जन यात्रा का रुट

विसर्जन यात्रा झारखंड मैदान से शुरू होकर डीएस कॉलोनी, कृष्णा मालाकार के घर, बरमसिया फाटक, विनोद नगर, चिरागोड़ा, हीरापुर, हटिया पार्क मार्केट, जिला परिषद मैदान और रणधीर वर्मा चौक होते हुए लोको टैंक तक पहुंची। यहां मां की प्रतिमा का विधिवत विसर्जन किया गया।

समिति के पदाधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष मनोज मालाकार, सचिव उमेश यादव, महासचिव राजेश कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष राजेश मालाकार, नागो साहू, दिलीप कुमार शर्मा, बब्लू मिश्रा, राजा बाबू, संदीप अग्रवाल, संजय यादव, रतन सरकार, राजू मालाकार, लालटू सिंह, मुकेश लाला, कुणाल सिंह, मीडिया प्रभारी विकास साव, बब्लू ठाकुर, राजेश मालाकार, दिलीप शर्मा, विक्की प्रसाद, शशि भूषण राय सहित पूजा समिति के सभी पदाधिकारी व सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....