पीएम श्री विद्यालयों के सफल संचालन में एसएमसी की भूमिका अहम : कुमारी नीलम

KK Sagar
2 Min Read

झारखंड शिक्षा परियोजना, रामगढ़ के तत्वावधान में पी.एम. श्री विद्यालयों के लिए एकदिवसीय जिला स्तरीय एस.एम.सी. (विद्यालय प्रबंधन समिति) उन्मुखीकरण–सह–सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमारी नीलम सहित विशिष्ट अतिथि अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी नलिनी रंजन, प्राचार्य डॉ. संतोष कुमार अनल, प्राचार्य पूनम अग्रवाल, एपीओ कुमार राज और क्षेत्र प्रबंधक राजवीर सिंह द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।

सम्मेलन में जिले के सभी पीएम श्री विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष, बीआरपी, सीआरपी तथा सेंटर फॉर कैटालाइजिंग चेंज (C3) के सदस्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमारी नीलम ने सभी पीएम श्री विद्यालयों के एसएमसी अध्यक्षों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

अपने संबोधन में कुमारी नीलम ने कहा कि पीएम श्री विद्यालय शिक्षा व्यवस्था का एक मुख्य स्तंभ हैं। मजबूत विद्यालय प्रबंधन समितियां ही समुदाय की भागीदारी और जवाबदेही सुनिश्चित करती हैं। पीएम श्री विद्यालयों को मॉडल विद्यालय के रूप में विकसित करने के लिए राष्ट्रीय स्तर से वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। सम्मेलन का उद्देश्य एसएमसी अध्यक्षों व सदस्यों को उनके दायित्वों और भूमिकाओं से अवगत कराते हुए विद्यालय के समग्र विकास की दिशा तय करना है।

वहीं अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी नलिनी रंजन ने कहा कि पीएम श्री विद्यालय आधुनिक, बाल-केंद्रित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर देते हैं। समुदाय और एसएमसी की सक्रिय सहभागिता से ये विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास, कौशल आधारित सीखने और उन्हें आत्मविश्वासी, कुशल व जिम्मेदार नागरिक बनाने में सहायक होंगे।

कार्यक्रम में प्रखंड साधन सेवी मो. अरशद, अविनाश नायक, सीआरपी तपन कुमार पोद्दार, वीणा कुमारी, मास्टर ट्रेनर पॉवेल कुमार, कुमारी सपना, सुरेंद्र प्रसाद गुप्ता, तजिंदर कौर, सुमित्रा कुमारी, मिथलेश कुमार रविदास, शेखर कुमार, दीपक कुमार सिंह, राजेश पासवान, रंजित कुमार गुप्ता, संजय कुमार श्रीवास्तव सहित कई शिक्षक व पदाधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....