मोकामा के जेडीयू विधायक अनंत सिंह एक बार फिर कानूनी शिकंजे में फंसते नजर आ रहे हैं। गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव में एक जनेऊ समारोह के दौरान हथियारों के प्रदर्शन का एक वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मोकामा से जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में गोपालगंज पुलिस ने अनंत सिंह को एक नोटिस जारी किया है।
थाने में हथियारों की होगी फॉरेंसिक और बैलेस्टिक जांच
पुलिस ने विधायक अनंत सिंह को आज यानी 15 मई को थाने में उपस्थित होने को लेकर नोटिस जारी किया है। पुलिस ने हथियारों की फॉरेंसिक (FSL) और बैलेस्टिक जांच कराने का नोटिस जारी किया है। थाने में अनंत सिंह के सभी हथियारों का फिजिकल वेरिफिकेशन किया जाएगा। इस जांच से यह साफ हो जाएगा कि वीडियो में दिखाए गए हथियार लाइसेंसी थे या अवैध।
फॉरेंसिक और बैलेस्टिक जांच से खुलेंगे राज
पुलिस कप्तान विनय तिवारी के निर्देश पर मीरगंज पुलिस इस मामले की वैज्ञानिक ढंग से जांच कर रही है। पुलिस का मुख्य उद्देश्य यह स्पष्ट करना है कि वायरल वीडियो में जो हथियार दिख रहे हैं, वे लाइसेंसी थे या अवैध। इसके लिए वीडियो और हथियारों की प्रामाणिकता की पुष्टि के लिए उन्हें फॉरेंसिक लैब भेजा जाएगा। बैलिस्टिक टेस्ट से पुलिस यह पता लगाएगी कि क्या वीडियो में दिख रहे हथियारों से फायरिंग की गई थी और क्या वे प्रतिबंधित श्रेणी के तो नहीं हैं। यदि हथियार लाइसेंसी पाए भी जाते हैं, तो पुलिस इस बात की जांच करेगी कि क्या किसी सार्वजनिक समारोह के दौरान उनका प्रदर्शन हथियार लाइसेंस को नियंत्रित करने वाले नियमों का उल्लंघन है या नहीं।
कोर्ट में भी आज होनी है सुनवाई
इस मामले में गोपालगंज की एडीजे-1 कोर्ट में 12-13 मई को सुनवाई हुई, लेकिन उन्हें राहत नहीं मिली। कोर्ट ने मामले को MP-MLA स्पेशल कोर्ट में ट्रांसफर कर दिया। जिसे बाद में जिला जज की अदालत में ट्रांसफर किया गया। अब इस याचिका पर आगे की सुनवाई भी आज ही यानि 15 मई को होने की संभावना है।
क्या है मामला?
घटना 2 और 3 मई की बताई जा रही है, जब गोपालगंज के मीरगंज के सेमराव गांव में एक जनेऊ कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। आरोप है कि इस कार्यक्रम के दौरान विधायक अनंत सिंह के समर्थकों ने खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन किया और अश्लीलता फैलाई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद गोपालगंज एसपी विनय तिवारी ने मामले का संज्ञान लिया।

