पलामू: लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में शादी का झूठा सपना दिखाकर युवती के साथ शारीरिक शोषण करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी युवक हेदायतुल्ला अंसारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी पहले से शादीशुदा और चार बच्चों का पिता बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, हेदायतुल्ला अंसारी ने युवती को प्रेमजाल में फंसाकर उससे शादी करने का वादा किया था। इसी भरोसे पर वह लंबे समय तक युवती के साथ संबंध बनाता रहा। लेकिन कुछ समय बाद पीड़िता को पता चला कि आरोपी पहले से विवाहित है और उसके चार बच्चे भी हैं। सच्चाई सामने आने के बाद युवती ने उससे दूरी बना ली और मिलने से इनकार कर दिया।
बताया जा रहा है कि युवती के मना करने के बावजूद आरोपी सोमवार शाम उसके गांव काड़ा दोहर पहुंच गया। गांव में उसे देखते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही लेस्लीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह आरोपी को ग्रामीणों के चंगुल से बाहर निकालकर अपनी हिरासत में लिया। पुलिस की तत्परता से आरोपी की जान बच सकी।
मंगलवार को पीड़िता ने थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बुधवार शाम उसे जेल भेज दिया गया।

