विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद तेजस्वी को मिली संजीवनी, एमएलसी उपचुनाव में RJD की जीत

Neelam
By Neelam
2 Min Read

बिहार विधानसभा चुनाव में करारी हार का सामने करने वाली राष्ट्रीय जनता दल को बड़ी राहत मिली है। आरा में बिहार विधान परिषद की भोजपुर-सह-बक्सर सीट के उपचुनाव में महागठबंधन के उम्मीदवार सोनू कुमार राय ने जीत हासिल कर ली है। इस चुनाव में एनडीए प्रत्याशी कन्हैया प्रसाद की करारी हार हुई है। विधानसभा चुनाव में आरजेडी के खराब प्रदर्शन के बाद इस उपचुनाव में जीत तेजस्वी यादव के लिए बड़ी राहत भरी खबर है।

जदयू के बागी प्रत्याशी बने हार का कारण!

चुनाव में एनडीए की ओर से जनता दल यूनाइटेड के कन्हैया प्रसाद मैदान में थे। मतगणना के दौरान भी दोनों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। लेकिन आखिर में सोनू कुमार राय ने बढ़त बनाते हुए जीत दर्ज की। जदयू के बागी प्रत्याशी मनोज कुमार उपाध्याय को एनडीए की हार की बड़ी वजह माना जा रहा है। जदयू के बागी उम्मीदवार मनोज उपाध्याय ने इस मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया था।

नई सरकार बनने के बाद एनडीए की पहली हार

विधानसभा चुनाव और इसके बाद राज्यसभा चुनाव में एनडीए ने महागठबंधन को करारी शिकस्त दी थी। नई सरकार बनने के बाद यह एनडीए की पहली हार है।

आरजेडी ने दी बधाई

सोनू राय की जीत पर पार्टी की ओर से उन्हें बधाई दी गई है। आरजेडी के एक्स हैंडल से लिखा गया, “भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राधिकार निर्वाचन क्षेत्र में राष्ट्रीय जनता दल के प्रत्याशी सोनू कुमार राय की प्रबल जीत पर उन्हें एवं समस्त राष्ट्रीय जनता दल के समस्त कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों को जीत की बधाई एवं शुभकामनाएं।”

जदयू एमएलसी के इस्तीफे के बाद खाली हुई सीट

यह सीट जदयू के विधान पार्षद राधाचरण साह के संदेश विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने जाने से खाली हुई थी। वे संदेश विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए थे जिसके बाद उन्होंने इस्तीफा दिया था। जेडीयू ने राधाचरण साह के बेटे कन्हैया प्रसाद को ही उपचुनाव में उतार दिया था। पार्टी जीत मानकर चल रही थी लेकिन करारी हार हो गई।

Share This Article