KYC और ATM बंद होने का झांसा देकर करते थे ठगी, जामताड़ा से तीन साइबर अपराधी गिरफ्तार

KK Sagar
2 Min Read

जामताड़ा में साइबर ठग गिरोह का पर्दाफाश, बैंक अधिकारी बनकर ठगी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

जामताड़ा: साइबर अपराध के लिए चर्चित जामताड़ा में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंक अधिकारी बनकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से ठगी में इस्तेमाल होने वाले मोबाइल फोन, सिम कार्ड, एटीएम कार्ड और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

शुक्रवार को जिला पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी शंभू कुमार सिंह ने बताया कि साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत साइबर डीएसपी अमित कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने जामताड़ा के सोनबाद और मिहिजाम थाना क्षेत्र के बेवा इलाके में एक साथ छापेमारी कर तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिक्रम दां, जय कुमार दास और हेमंत दास के रूप में हुई है। तीनों जामताड़ा जिले के निवासी हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे खुद को बैंक अधिकारी बताकर लोगों को फोन करते थे। केवाईसी अपडेट नहीं होने और एटीएम कार्ड बंद होने का झांसा देकर वे लोगों से ओटीपी, एटीएम कार्ड नंबर और अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी हासिल करते थे। इसके बाद बैंक खातों और ई-वॉलेट से पैसे निकालकर ठगी की वारदात को अंजाम देते थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 मोबाइल फोन, 8 सिम कार्ड, 2 एटीएम कार्ड और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

एसपी शंभू कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में इस गिरोह के तार झारखंड के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा तक जुड़े होने की जानकारी मिली है। गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। फिलहाल तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....