जमशेदपुर में आज भी उमस का टॉर्चर, मौसम विभाग ने जारी किया आंधी-तूफान का ‘ऑरेंज अलर्ट’, अगले 48 घंटे बेहद सतर्क रहने की चेतावनी

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर:जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में भीषण गर्मी और उमस का सितम लगातार जारी है। आज गुरुवार सुबह से ही लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हैं। इससे पहले कल बुधवार को सुबह के वक्त आसमान में आंशिक बादल छाए रहने से लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिली थी, लेकिन दोपहर 12 बजते ही मौसम ने अचानक करवट बदल ली। तीखी धूप निकलते ही हवा में नमी के कारण उमस का स्तर इतना बढ़ गया कि लोगों का जीना मुहाल हो गया।
​मौसम विभाग के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार कल बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक यानी 39.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस रहा। दोपहर के बाद धूप और उमस के मिले-जुले असर के कारण जो फील लाइक टेम्परेचर (महसूस होने वाली गर्मी) था, वह सामान्य से कहीं ज्यादा दर्ज किया गया।

अगले 3 दिन कैसा रहेगा मौसम?
​मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज से अगले दो-तीन दिनों तक क्षेत्र में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, लेकिन असली चिंता का विषय आंधी-तूफान को लेकर है। विभाग ने जमशेदपुर और इसके आसपास के जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है:
धूल भरी आंधी: अगले 48 घंटों के भीतर जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज धूल भरी आंधी चलने की आशंका है।
हवा की रफ्तार: इस दौरान हवाओं की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
वज्रपात की चेतावनी: मौसम विभाग ने आंधी के साथ-साथ भारी वज्रपात की भी आशंका जताई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थानों पर रहें और पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें।

Share This Article