धनबाद: मुहर्रम जुलूस को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने शहर के यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किया है। उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के निर्देश पर पुलिस प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है, जो 26 जून 2026 को दोपहर 1 बजे से जुलूस समाप्ति तक प्रभावी रहेगा।
प्रशासन के अनुसार शहरी क्षेत्रों में इस अवधि के दौरान यात्री बसों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। वहीं कई प्रमुख मार्गों पर ऑटो, ई-रिक्शा, सवारी वाहनों एवं भारी वाहनों के परिचालन में भी बदलाव किया गया है।
श्रमिक चौक से गया पुल और बैंक मोड़ की ओर रहेगा नो एंट्री
जारी ट्रैफिक प्लान के अनुसार श्रमिक चौक से गया पुल और बैंक मोड़ की ओर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा जेसी मल्लिक रोड, पटेल चौक, पानी टंकी, हटिया मोड़, प्रेम नगर गली, रणधीर वर्मा चौक, अनुमंडल कार्यालय रोड, रेलवे स्टेशन और मजार की ओर से हीरापुर जाने वाले मार्गों पर भी नो एंट्री लागू रहेगी।
बसों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित
प्रशासन ने रांची, बोकारो, जमशेदपुर, पुरुलिया, सिंदरी और झरिया से आने-जाने वाली बसों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं। सभी यात्री बसों को शहर के भीतरी हिस्सों में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी और उन्हें तय रूट से ही संचालित किया जाएगा।
भारी वाहनों पर भी रहेगी पाबंदी
मुहर्रम के दौरान दोपहर 1 बजे से जुलूस समाप्त होने तक कई क्षेत्रों में भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाई गई है।
धनसार से कतरास मोड़ तक भारी वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।
केन्दुआडीह से कतरास मोड़ तक भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
सिंदरी, पुटकी और बोकारो मार्ग पर भी कई स्थानों पर नो एंट्री लागू रहेगी।
प्रशासन ने सहयोग की अपील की
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि मुहर्रम जुलूस के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है।

