जमशेदपुर: कदमा में दो अपराधी गिरफ्तार, हथियार बरामद, पुलिस ने तेज की कार्रवाई

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस ने कदमा थाना क्षेत्र के एलआईसी ग्राउंड से दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर गठित विशेष पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अंकुर सिंह और उदयभान सिंह को धर दबोचा। दोनों के कब्जे से दो देसी पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई शहर में बढ़ते अपराध को नियंत्रित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि अंकुर सिंह का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है। जेल से रिहा होने के बाद वह उदयभान सिंह के साथ मिलकर शहर में दहशत फैलाने की साजिश रच रहा था। सिटी एसपी किशोर कौशल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पिछले चार महीनों में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने व्यापक अभियान चलाया है। इस दौरान आर्म्स एक्ट के तहत 28 मामले दर्ज किए गए, 44 अवैध हथियार जब्त किए गए और 68 अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया गया।

एसपी ने कहा कि पुलिस अब हथियारों की अवैध सप्लाई के स्रोत का पता लगाने के लिए गहन जांच कर रही है। गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ में उनके नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपराधियों की गतिविधियों की सूचना साझा करने की अपील की है ताकि शहर में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Advertisement
Share This Article