जामताड़ा: झारखंड के जामताड़ा जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक ही पल में दो परिवारों की खुशियां मातम में बदल गईं। बिंदापाथर थाना क्षेत्र के चरकादाहा गांव में शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे चार लोग वज्रपात की चपेट में आ गए। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान 50 वर्षीय विनय सोरेन और 17 वर्षीय विश्वकर्मा तुर्की के रूप में हुई है। वहीं शिवधन टुडू और राकेश मुर्मू गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार सभी लोग चरकादाहा गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए सभी लोग एक मिट्टी के घर के पास खड़े हो गए। तभी अचानक आकाशीय बिजली गिर गई और चारों उसकी चपेट में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वज्रपात इतना तेज था कि विनय सोरेन और विश्वकर्मा तुर्की की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सभी को जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायलों का इलाज जारी है।
घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक का माहौल है और शादी की खुशियां मातम में बदल गई हैं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और कच्चे घरों के आसपास शरण नहीं लेने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। साथ ही वज्रपात से बचाव के लिए मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करने को कहा गया है।

