धनबाद स्टेशन पर CCTV की ‘तीसरी आंख’ से दबोचे गए दो शातिर मोबाइल चोर

KK Sagar
3 Min Read

ऑपरेशन ‘यात्री सुरक्षा’ के तहत कार्रवाई, चोरी का ₹25 हजार का मोबाइल बरामद; दोनों आरोपी गिरफ्तार

धनबाद: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए धनबाद रेलवे स्टेशन से दो शातिर मोबाइल चोरों को गिरफ्तार किया है। सीसीटीवी कैमरों की मदद से दोनों आरोपियों की पहचान की गई और उनके कब्जे से करीब ₹25 हजार कीमत का चोरी का ओप्पो A59 मोबाइल बरामद किया गया। दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी धनबाद के हवाले कर दिया गया।

वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर सोमवार को RPF पोस्ट धनबाद और CIB धनबाद की संयुक्त गश्ती टीम स्टेशन परिसर में अपराध रोकथाम के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान सीसीटीवी मॉनिटरिंग स्टाफ ने प्लेटफॉर्म नंबर-1 के द्वितीय श्रेणी प्रतीक्षालय में दो संदिग्ध युवकों की गतिविधियां देखीं। सूचना मिलते ही टीम ने प्लेटफॉर्म संख्या 2/3 के कालका छोर के पास दोनों को पकड़ लिया।

पूछताछ के दौरान सैफ अली खान उर्फ बौना के पास से चोरी का मोबाइल बरामद हुआ। पूछताछ में उसने बताया कि यह मोबाइल उसके साथी भोलू कुमार ने चोरी कर उसे रखने के लिए दिया था। इसके बाद भोलू कुमार ने भी स्वीकार किया कि दोनों धनबाद समेत विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के मोबाइल और सामान चोरी करते हैं। उसने बताया कि रविवार रात धनबाद स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के पास सो रहे एक यात्री का मोबाइल चोरी कर अपने साथी को दे दिया था।

बरामद मोबाइल की पहचान सिंदरी निवासी राम विनय मिश्रा के रूप में हुई, जिनका मोबाइल चोरी हुआ था। मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है।

RPF ने बरामद मोबाइल और दोनों आरोपियों को आवश्यक कार्रवाई के बाद जीआरपी धनबाद को सौंप दिया। SI राधा कुमारी की शिकायत पर राजकीय रेल थाना धनबाद में कांड संख्या 144/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच उप निरीक्षक हरीश चंद्र लोहरा को सौंपी गई है।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी भोलू कुमार के खिलाफ पहले से भी राजकीय रेल थाना धनबाद में मोबाइल चोरी का मामला दर्ज है। वहीं दूसरे आरोपी सैफ अली खान उर्फ बौना का आपराधिक रिकॉर्ड तकनीकी कारणों से तत्काल उपलब्ध नहीं हो सका।

RPF ने कहा कि रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत लगातार निगरानी और विशेष अभियान जारी रहेंगे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....