​घाटशिला में DC का एक्शन: प्रखंड कार्यालय से अस्पताल तक जांच, विकास कार्यो को समय पर पूरा करने की सख्त हिदायत

Manju
By Manju
4 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : उपायुक्त राजीव रंजन द्वारा प्रखंड क्षेत्र भ्रमण के क्रम में आज घाटशिला प्रखंड सह अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था, विभिन्न शाखाओं में पंजियों के संधारण, अभिलेखों के रख-रखाव तथा पदाधिकारी व कर्मियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति की गहन जांच की। कार्यालय परिसर में साफ-सफाई की स्थिति पर असंतोष व्यक्त करते हुए उपायुक्त ने बीडीओ व सीओ को व्यवस्था में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में अनुशासन, समयपालन व कार्य संस्कृति सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कर्मियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि कार्यशैली में सुधार नहीं लाने वाले कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उपायुक्त ने आमजनों से जुड़ी समस्याओं व आवेदनों के समयबद्ध निष्पादन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि प्रखंड व अंचल कार्यालय आम जनता से सीधे जुड़े हुए कार्यालय हैं, ऐसे में लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर त्वरित समाधान करने, कार्यालयों में पारदर्शिता व जवाबदेही बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने घाटशिला अनुमंडल अस्पताल का भी दौरा किया और वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डो, कुपोषण उपचार केंद्र, पंजीकरण काउंटर, मरीज वार्ड व अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अस्पताल में भर्ती मरीजों व उनके परिजनों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया। उपायुक्त ने चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि मरीजों को बेहतर व संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, दवा उपलब्धता, मरीजों के समुचित उपचार, समय पर जांच व आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पंचायत भ्रमण के दौरान उपायुक्त ने हलुदबनी पंचायत पहुंचकर आदिम जनजाति सबर परिवारों के आवास निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने लाभुक परिवारों से बातचीत कर योजनाओं की प्रगति, निर्माण कार्य की गुणवत्ता और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की जानकारी ली। ग्रामीणों से बिजली व पेयजल आपूर्ति की स्थिति के संबंध में जानकारी लेते हुए सरकार द्वारा उपलब्घ कराई जा रही सेवाओं व संसाधनों के उपयोग को लेकर प्रेरित किया। इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने मनरेगा योजना अंतर्गत संचालित आम बागवानी योजना का भी निरीक्षण किया और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन व आजीविका संवर्धन के उद्देश्य से किए जा रहे कार्यो की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन व आर्थिक सशक्तिकरण के लिए मनरेगा योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रत्येक पात्र व वंचित व्यक्ति और समूह को आच्छादित किया जाए। साथ ही सभी विकास योजनाओं का क्रियान्वयन गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा के भीतर सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। मौके पर उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, डीटीओ धनंजय, एसडीओ सुनील चंद्र, बीडीओ यूनिका शर्मा, सीओ निशात अंबर सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article