सावधान! आपका सोना पिघला रहे हैं ये शातिर, जमशेदपुर में ज्वेलर के साथ पकड़े गए लुटेरे

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : शहर की सड़कों पर झपट्टा मारकर चेन उड़ाने वाले और उस लूट के सोने को ठिकाने लगाने वाले एक शातिर गठजोड़ का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले की सबसे चौंकाने वाली कड़ी एक ज्वेलरी दुकानदार है, जो लुटेरों से सोना खरीदकर उसे तुरंत नया रूप दे देता था ताकि पहचान ही खत्म हो जाए।

​क्या है पूरा मामला?
​बीती 2 मई को कदमा थाना क्षेत्र के अनिल सुरपथ रोड पर बाइक सवार अपराधियों ने अनीता चौधरी नाम की महिला के गले से सोने की चेन छीन ली थी और फरार हो गए थे। सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई थी।

​पुलिसिया जांच में जो सच सामने आया वह हैरान करने वाला था। लुटेरे सिर्फ चेन छीनते नहीं थे, बल्कि उनके पास लूट के माल को खपाने का पूरा इंतजाम था।लुटेरों ने छीनी गई चेन को कदमा स्थित जेपी ज्वेलर्स के संचालक निखिल सोनी को महज 25 हजार रुपये में बेच दिया था। दुकानदार निखिल सोनी ने पुलिस से बचने के लिए उस चेन को तुरंत पिघला दिया और उससे तीन सोने की अंगूठियां तैयार कर ली।

गिरफ्त में आए आरोपी
​पुलिस ने तकनीकी जांच और मुखबिरों की सूचना पर टाटा वर्कर्स यूनियन हाई स्कूल के पास से घेराबंदी कर दो अपराधियों को पकड़ा, जिनकी निशानदेही पर दुकानदार भी गिरफ्तार हुआ। प्रकाश पटेल (26 वर्ष) आदित्यपुर का रहने वाला है। पुराना आपराधिक इतिहास, चोरी और आर्म्स एक्ट के मामले भी दर्ज है। प्रीतम सिंह उर्फ पोदो (25 वर्ष) कदमा भाटिया बस्ती का निवासी है। निखिल सोनी जेपी ज्वेलर्स का संचालक है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई एक्टिवा स्कूटी, 15 हजार रुपये नकद और 5 ग्राम वजन की तीन सोने की अंगूठियां (जो चेन पिघलाकर बनाई गई थी) बरामद की हैं। सिटी एसपी ने बताया कि पुलिस अब इन आरोपियों के पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है। यह जांच की जा रही है कि क्या शहर में हुई अन्य स्नेचिंग की वारदातों में भी इसी गिरोह और दुकानदार का हाथ है। पुलिस की इस सफलता से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।

Share This Article