​वोटर लिस्ट में नाम है या कट गया? आपके घर आ रहे हैं बीएलओ, तुरंत करें ये काम

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर :अगर आप भी आने वाले चुनावों में बिना किसी परेशानी के अपने मताधिकार का इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का अभियान पूरे जोर-शोर से चल रहा है। इस अभियान के तहत बूथ स्तरीय अधिकारी आपके घर-घर पहुंचकर गणना प्रपत्र (एसआईआर फॉर्म) का वितरण और सत्यापन कर रहे हैं। इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया को गति देने और आम जनता को जागरूक करने के लिए खुद जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने आगे आकर मिसाल पेश की है। उन्होंने स्वयं अपना एसआईआर प्रपत्र भरकर जमा किया और जिले के तमाम नागरिकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।

क्यों जरूरी है यह प्रपत्र भरना?
​उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि एक स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव की सबसे मजबूत कड़ी एक शुद्ध और अद्यतन वोटर लिस्ट होती है। त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने में हर एक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। प्रत्येक पात्र मतदाता का यह कर्तव्य है कि वह समय पर एसआईआर प्रपत्र को भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने बीएलओ को सौंपें, ताकि भविष्य में मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की विसंगति से बचा जा सके।

घर बैठे होगा सत्यापन, बीएलओ का करें सहयोग
​प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक जिले के सभी मतदान केंद्रों के बीएलओ को घर-घर जाकर गणना प्रपत्र बांटने और विवरणों को सत्यापित करने की जिम्मेदारी दी गई है।

वोटर ध्यान रखें ये बातें
​जब भी बीएलओ आपके घर पहुंचें, उन्हें सही और अपडेटेड जानकारी दें। फॉर्म के साथ मांगे जा रहे जरूरी दस्तावेजों को तैयार रखें और ससमय जमा करें। अगर आपके परिवार में कोई नया पात्र मतदाता (18 वर्ष या उससे अधिक) है, तो उसका विवरण भी दर्ज कराएं। वोटर लिस्ट को पूरी तरह शुद्ध और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन मुस्तैद है, अब जिम्मेदारी जनता की है कि वे इस अभियान का हिस्सा बनकर लोकतंत्र को मजबूत करें।

Share This Article