मानव तस्करी के खिलाफ भारत-अमेरिका की साझा पहल, रांची में ‘फ्रीडम 250’ कॉनक्लेव आयोजित : धनबाद से उत्तम मुखर्जी ने लिया हिस्सा

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद: मानव तस्करी जैसी गंभीर समस्या से निपटने के लिए भारत और अमेरिका के बीच सहयोग को मजबूत बनाने के उद्देश्य से बुधवार को रांची के एक होटल में अमेरिकी कॉन्सुलेट जनरल के तत्वावधान में ‘फ्रीडम 250’ कॉनक्लेव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्य प्रशासन, कानून, शिक्षा जगत और सिविल सोसायटी से जुड़े कई प्रमुख लोगों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास, कोलकाता की कॉन्सुल जनरल कैथी गाइल्स-डियाज, पॉलिटिकल-इकोनॉमिक चीफ ब्रैफस कालुंड तथा ओवरसीज क्रिमिनल इन्वेस्टिगेटर स्कॉट कांग विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने मानव तस्करी के मामलों की जांच को और प्रभावी बनाने, पीड़ितों के संरक्षण तथा इस अपराध के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

कॉनक्लेव की रूपरेखा पर झारखंड पुलिस की विशेष शाखा के डीआईजी संजीव कुमार ने विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन सुश्री सानन्दा मित्रा ने किया। इस दौरान मानव तस्करी की रोकथाम, पीड़ितों के पुनर्वास और विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

कार्यक्रम में झारखंड के पूर्व डीजीपी अनुराग गुप्ता, राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व अध्यक्ष संजय मिश्रा, विकास दोदराजका, बाल अधिकार कार्यकर्ता रविकांत और बैजनाथ समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इसके अलावा सरला बिरला, उषा मार्टिन सहित विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।

धनबाद से पूर्व सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष उत्तम मुखर्जी ने इस महत्वपूर्ण कॉन्क्लेव में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि मानव तस्करी केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और सामूहिक जिम्मेदारी का भी मुद्दा है। इसके खिलाफ सरकार, प्रशासन और समाज को मिलकर लगातार प्रयास करने होंगे।

कॉनक्लेव में मौजूद वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि मानव तस्करी के खिलाफ लड़ाई में अंतरराष्ट्रीय सहयोग, आधुनिक जांच प्रणाली और पीड़ित-केंद्रित दृष्टिकोण को अपनाना समय की आवश्यकता है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....