डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : झारखंड के पोटका (कोवाली) थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां के नारदा पंचायत अंतर्गत कुंडूरकोचा गांव में सोमवार सुबह एक सनकी युवक ने महुआ चुन रही 65 वर्षीय वृद्ध महिला की लाठी और पत्थरों से कूचकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
अचानक किया लाठी-पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला
मृतक महिला की पहचान 65 वर्षीय बुस्की मुर्मू के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह बुस्की मुर्मू हमेशा की तरह जंगल के किनारे महुआ चुनने गई थी। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला राम सरदार नामक युवक वहां पहुंच गया। इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती, सिरफिरे युवक ने उन पर लाठी और भारी पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला करना शुरू कर दिया। हमला इतना जोरदार था कि बुजुर्ग महिला लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी को घेरा, जमकर की धुनाई
जंगल में हत्या की खबर आग की तरह पूरे गांव में फैल गई। भारी संख्या में ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए। खून से लथपथ बुजुर्ग महिला का शव देख ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने भागने की कोशिश कर रहे आरोपी राम सरदार को चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया। गुस्से से तमतमाए ग्रामीणों ने आरोपी की जमकर क्लास लगाई और उसकी धुनाई कर दी। इसके बाद ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए आरोपी को कोवाली थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
मानसिक रूप से बीमार है आरोपी?
ग्रामीणों के मुताबिक आरोपी राम सरदार पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहा था और उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी। सनक में आकर ही उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
जांच में जुटी पुलिस, आरोपी और शव दोनों अस्पताल भेजे गए
घटना की सूचना मिलते ही कोवाली थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है। वहीं ग्रामीणों की पिटाई से घायल हुए आरोपी राम सरदार को भी पुलिस कस्टडी में इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और मर्डर के असली कारणों का पता लगाने के लिए छानबीन की जा रही है। इलाके में एहतियातन पुलिस बल तैनात है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

