डीएसपी-आईएसपी का बुलडोजर एक्शन: टीएमसी कार्यालय समेत कई निर्माण ध्वस्त, मचा हड़कंप

KK Sagar
2 Min Read

दुर्गापुर/आसनसोल: पश्चिम बर्दवान जिले के औद्योगिक क्षेत्रों में सोमवार को अतिक्रमण के खिलाफ बड़े पैमाने पर बुलडोजर अभियान चलाया गया। दुर्गापुर स्टील प्लांट (डीएसपी) और इस्को स्टील प्लांट (आईएसपी) प्रशासन ने अपनी जमीन पर बने कथित अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई करते हुए कई ढांचों को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में दिनभर चर्चा और विरोध का माहौल बना रहा।

दुर्गापुर के इस्पात नगरी स्थित मार्कोनी एवेन्यू क्षेत्र में डीएसपी की जमीन पर बने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के पार्टी कार्यालय पर बुलडोजर चलाया गया। सुरक्षा बलों की मौजूदगी में प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई करते हुए कुछ ही देर में पूरे ढांचे को जमींदोज कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक संबंधित निर्माण को लेकर पहले कई बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन निर्धारित समय सीमा के भीतर कोई कार्रवाई नहीं होने पर ध्वस्तीकरण किया गया।

इसी दौरान डीएसपी की टीम महिष्कापुर क्षेत्र स्थित माकपा (सीपीआईएम) कार्यालय भी पहुंची। यहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई का विरोध किया और अधिकारियों के साथ तीखी बहस हुई, जिससे कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

वहीं बर्नपुर में इस्को स्टील प्लांट (आईएसपी) प्रबंधन ने कंपनी की जमीन पर बने 1963 से संचालित ख्याली क्लब समेत दो क्लबों को हटाने की कार्रवाई की। प्रबंधन का कहना है कि ये निर्माण कंपनी की भूमि पर अनधिकृत रूप से बने हुए थे और अतिक्रमण हटाने की मुहिम के तहत इन्हें हटाया गया।

हालांकि क्लब के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि ख्याली क्लब पिछले छह दशकों से क्षेत्र की सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक गतिविधियों का केंद्र रहा है। स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया कि जब कंपनी की जमीन पर अन्य कई निर्माण मौजूद हैं तो केवल क्लब को निशाना बनाना उचित नहीं है।

गौरतलब है कि सरकारी और सार्वजनिक उपक्रमों की जमीनों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए इन दिनों व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। सोमवार की कार्रवाई को इसी मुहिम का हिस्सा माना जा रहा है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....