वोटर लिस्ट स्पेशल रिवीजन 2026: जमशेदपुर में BLO और सुपरवाइजरों को मिली ट्रेनिंग, DC बोले- बिना किसी गलती के पूरी पारदर्शिता से करें काम

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर:झारखंड में आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम में जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के नए नियुक्त बीएलओ और बीएलओ पर्यवेक्षकों के लिए एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध और पारदर्शी बनाना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि इस काम में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

BLO निर्वाचन प्रक्रिया की सबसे मजबूत कड़ी
​उपायुक्त ने बीएलओ की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि वे चुनाव प्रक्रिया की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। घर-घर जाकर सत्यापन करना, मतदाताओं के विवरण को सही तरीके से दर्ज करना और योग्य नागरिकों के नाम वोटर लिस्ट में जोड़ना पूरी तरह से बीएलओ पर निर्भर करता है। उन्होंने सभी को समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण काम करने का निर्देश दिया।

ट्रेनिंग में इन तकनीकी और व्यावहारिक बिंदुओं पर रहा जोर
​उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह और तीन मास्टर ट्रेनरों ने पॉवर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के जरिए अधिकारियों को तकनीकी रूप से ट्रेंड किया। इस दौरान इन मुख्य बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी दी गई।
डिजिटल ऐप्स का उपयोग: BLO App और ECINET के प्रभावी इस्तेमाल के तरीके।
फॉर्म का निष्पादन: नए नाम जोड़ने, हटाने या सुधार के लिए प्रपत्र-6, 7 और 8 का सही निष्पादन।
मैपिंग और लोकेशन: वर्तमान पंजीकृत मतदाताओं की SIR-2003 के साथ मैपिंग, मतदान केंद्रों का नजरी नक्शा, Key MAP और Coordinate Points तैयार करना।
मकान संख्या और सूची: नोशनल मकान संख्या का निर्धारण और ASDD (Absent, Shifted, Dead, Duplicate) सूची का निर्माण।
सपोर्ट सिस्टम: Book a Call और 1950 हेल्पलाइन नंबर के जरिए मतदाताओं की मदद करना।
अधिकारियों का संदेश: प्रशिक्षण के दौरान अपनी हर शंका को दूर कर लें, ताकि जब आप फील्ड में उतरें तो मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य पूरी तरह से त्रुटिरहित और प्रभावी ढंग से पूरा हो सके।

Share This Article