डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया : जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आराहासा गांव में एक दर्दनाक और रहस्यमयी घटना सामने आई है। यहां स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय के परिसर में एक 26 वर्षीय युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान गांव के ही रहने वाले देवेंद्र कोड़ाह के रूप में हुई है।
ताश खेलते वक्त आया था एक रहस्यमयी कॉल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार की शाम देवेंद्र गांव के कुछ अन्य युवकों के साथ बैठकर ताश खेल रहा था। इसी दौरान उसके मोबाइल फोन पर एक अनजान कॉल आया। बताया जा रहा है कि कॉल रिसीव करने के बाद वह फोन पर बात करते हुए अचानक वहां से उठकर चला गया और इसके बाद पूरी रात वापस नहीं लौटा।
अर्द्धनग्न हालत में पेड़ से मिला शव
सोमवार की सुबह जब ग्रामीण स्कूल परिसर की ओर पहुंचे, तो उनकी नजर देवेंद्र के शव पर पड़ी। उसका शव स्कूल परिसर में एक पेड़ से फंदे के सहारे संदिग्ध अवस्था में लटका हुआ था। हैरानी की बात यह है कि उसका शरीर अर्द्धनग्न था और उसने शर्ट नहीं पहन रखी थी। स्कूल परिसर में इस तरह शव मिलने की खबर आग की तरह पूरे गांव में फैल गई, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही गोइलकेरा थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की गहराई से जांच कर रही है। यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक ने किसी मानसिक तनाव में आकर यह खौफनाक कदम उठाया है या फिर किसी ने उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटकाकर इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

