कैमूर में पुलिस महकमे के भीतर अनुशासनहीनता, लापरवाही और भ्रष्टाचार के खिलाफ एसपी शिखर चौधरी ने सख्त कार्रवाई की है। पिछले एक महीने में दो थानाध्यक्षों समेत करीब 25 पुलिसकर्मियों और होमगार्ड जवानों पर निलंबन व गिरफ्तारी की कार्रवाई हुई है।
मोहनिया एसडीपीओ कार्यालय में फर्जी हाजिरी लगाकर वेतन निकालने के प्रयास का मामला सामने आया। जांच में अनुपस्थिति पर व्हॉइटनर लगाकर उपस्थिति दिखाने का फर्जीवाड़ा पकड़ा गया। आरोपी महिला होमगार्ड को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
जप्त वाहनों से अवैध बालू निकासी के मामले में कुदरा थानाध्यक्ष के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू हुई है। वहीं, दलालों से साठगांठ और आम जनता को प्रताड़ित करने के आरोप में चांद थानाध्यक्ष के खिलाफ भी जांच शुरू की गई है। मोहनिया चेकपोस्ट पर अवैध वसूली के आरोप में 10 से अधिक सैप जवानों और होमगार्ड कर्मियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
वर्दी में सोशल मीडिया पर रील्स बनाने और अनुशासनहीनता करने वाले 2 से 3 पुलिसकर्मियों को भी निलंबित किया गया है। एसपी ने स्पष्ट कहा कि थानों में दलालों का प्रवेश बर्दाश्त नहीं होगा और पद का दुरुपयोग करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को नहीं बख्शा जाएगा।

