बोकारो। बोकारो के बीएस सिटी थाना क्षेत्र के कैंप-2 स्थित हनुमान नगर में साधु के भेष में पहुंचे दो ठगों ने चमत्कार दिखाने का झांसा देकर एक महिला का मंगलसूत्र ठग लिया। जानकारी के अनुसार, दोनों व्यक्ति सुरेंद्र सिंह के घर पहुंचे थे। महिला ने पहले दोनों को भोजन कराया। इसके बाद दोनों ने महिला को चमत्कार दिखाना शुरू किया।
हाथ में घास देकर दिखाया फूल निकालने का चमत्कार
पहले दोनों ने महिला के हाथ में घास देकर बंद मुट्ठी से अड़हुल का फूल निकालकर दिखाया। इसके बाद बंद मुट्ठी से दुर्गा मां की मूर्ति बनाने का कथित चमत्कार दिखाया।
फिर दोनों ने महिला से सोना मांगा। महिला ने घर में सोना नहीं होने की बात कही, लेकिन इसी दौरान उसकी बेटी ने घर में मंगलसूत्र होने की जानकारी दे दी और उसे लाकर दोनों के हवाले कर दिया।
साड़ी में बांधकर मंगलसूत्र रखने का दिया झांसा
इसके बाद दोनों ने मंगलसूत्र को एक साड़ी में बांधकर दुर्गा मां की मूर्ति के साथ महिला को सौंप दिया। साथ ही निर्देश दिया कि साड़ी को शाम पांच बजे के बाद ही खोलना है। महिला ने जब निर्धारित समय के बाद साड़ी खोली, तो उसमें से मंगलसूत्र गायब था।
सीसीटीवी में कैद हुई दोनों संदिग्धों की तस्वीर
मंगलसूत्र गायब मिलने के बाद परिवार को ठगी का एहसास हुआ और तत्काल पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। पीड़ित परिवार ने बताया कि दोनों संदिग्धों की तस्वीर घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पुलिस ने दोनों संदिग्ध साधुओं को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों संदिग्ध साधुओं को हिरासत में लिया है। पुलिस मंगलसूत्र की बरामदगी के प्रयास में जुटी है, वहीं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

