पलामू। 1 नवंबर को आयोजित होने वाली झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
इसी क्रम में शुक्रवार को जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी एवं अपर समाहर्ता कुंदन कुमार ने संयुक्त रूप से जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
इस दौरान अधिकारियों ने आर.के. रामधारी स्कूल, रजवाडीह, ग्रीन वैली स्कूल, बारालोटा सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया।
सीसीटीवी, जैमर और सुरक्षा व्यवस्था की जांच
निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, जैमर की उपलब्धता, कंट्रोल रूम की व्यवस्था और वीडियोग्राफी की तैयारियों का जायजा लिया।
इसके अलावा प्रश्नपत्र एवं परीक्षा सामग्री के सुरक्षित रख-रखाव, प्रवेश एवं निकास मार्ग, सुरक्षा घेरा और बैरिकेडिंग की व्यवस्था का भी बारीकी से निरीक्षण किया।
अभ्यर्थियों की सुविधाओं का लिया जायजा
अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था का निरीक्षण किया। उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने सभी परीक्षा केंद्रों के प्रत्येक कक्ष में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
परीक्षा से पहले सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों को परीक्षा से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने तथा व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने देने का निर्देश दिया। उन्होंने परीक्षा के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
निष्पक्ष और कदाचारमुक्त परीक्षा कराने पर जोर
उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा का संचालन निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त वातावरण में सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप कुमार, संबंधित दंडाधिकारी, केंद्राधीक्षक एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

