जोगीडीह कोलियरी में सुरक्षा बलों का बड़ा एक्शन, दो अवैध खनन मुहानों को मशीनों से कराया गया बंद

Reena Sharma
2 Min Read

बाघमारा। क्षेत्र में अवैध खनन पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सीआईएसएफ, स्थानीय थाना और बीसीसीएल प्रबंधन के सक्षम अधिकारी के आदेशानुसार विशेष रेड एवं सर्च अभियान चलाया गया।

यह कार्रवाई एरिया-03 स्थित जोगीडीह कोलियरी के सिम-01 इंकलाइन के पीछे की गई। करीब दोपहर 3 बजे सुरक्षा बलों ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। अभियान के दौरान दो अवैध मुहाने खुले पाए गए, जिसके बाद उन्हें बंद करने की कार्रवाई शुरू की गई।

तलाशी के दौरान मिले दो अवैध मुहाने

अभियान के दौरान मौके पर दो अवैध मुहाने खुले पाए गए। हालांकि, स्थल पर न तो कोयला मिला और न ही कोई अवैध खननकर्ता मौजूद था। इसके बाद एरिया कमांडर ने प्रबंधन से बातचीत कर दोनों मुहानों की भराई के लिए आवश्यक संसाधन और मशीनरी उपलब्ध कराने की मांग की।

प्रबंधन ने उपलब्ध कराई पेलोडर और जेसीबी मशीन

प्रबंधन की ओर से त्वरित कार्रवाई करते हुए शाम को एक पेलोडर और एक जेसीबी मशीन उपलब्ध कराई गई। इसके बाद शाम 16:30 बजे से 17:15 बजे तक विशेष अभियान चलाकर दोनों अवैध मुहानों को पूरी तरह डोजरिंग कर भर दिया गया।

दो एरिया कमांडरों ने संयुक्त रूप से संभाली कमान

पूरे अभियान का नेतृत्व एरिया कमांडर-03 एवं एरिया कमांडर-04 ने संयुक्त रूप से किया। दोनों अधिकारियों के नेतृत्व में सुरक्षा बलों ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया और अवैध खनन के संभावित रास्तों को बंद कराया।

88 जवानों की मौजूदगी में चला एरिया डोमिनेशन अभियान

अभियान के दौरान 88 बल सदस्यों की मौजूदगी में क्षेत्र में व्यापक एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया गया। सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन में लिप्त तत्वों में हड़कंप मच गया।

Share This Article