डॉक्टरों के फोटो वाले होर्डिंग्स पर लगेगी रोक, उल्लंघन पर निलंबित हो सकता है डॉक्टरों का रजिस्ट्रेशन

Reena Sharma
3 Min Read

झारखंड में अब डॉक्टरों और निजी अस्पतालों के प्रचार-प्रसार वाले होर्डिंग्स और विज्ञापनों पर कार्रवाई की तैयारी है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) के दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए झारखंड राज्य चिकित्सा परिषद ने अस्पतालों, चिकित्सा संस्थानों और पंजीकृत चिकित्सकों को ऐसे विज्ञापन तत्काल हटाने का निर्देश दिया है। होर्डिंग्स और पोस्टर के माध्यम से डॉक्टरों की तस्वीर, नाम, गैर-मान्यता प्राप्त चिकित्सा डिग्री और इलाज से जुड़े भ्रामक दावों का प्रचार करना प्रतिबंधित और अनैतिक बताया गया है।

सार्वजनिक स्थलों पर लगाए जा रहे हैं बड़े-बड़े होर्डिंग्स

झारखंड राज्य चिकित्सा परिषद के निबंधक सह सचिव डॉ. बिमलेश सिंह की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि कई निजी अस्पताल और डॉक्टर व्यावसायिक लाभ के लिए शहर के प्रमुख चौराहों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर बड़े-बड़े होर्डिंग्स, बैनर और डिजिटल बोर्ड लगवा रहे हैं। इनमें डॉक्टरों की बड़ी तस्वीरों के साथ अस्पतालों की सेवाओं का प्रचार किया जा रहा है।

चेतावनी से रजिस्ट्रेशन निलंबन तक की कार्रवाई

पत्र में राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग के Professional Conduct, Etiquette & Ethics Regulations, 2002 का हवाला देते हुए कहा गया है कि चिकित्सा पेशा सेवा प्रधान और पवित्र पेशा है। इसके बावजूद नाम, तस्वीर और इलाज से जुड़े भ्रामक दावों के जरिये प्रचार करना पेशेवर गरिमा के विपरीत है। ऐसे मामलों में दोषी चिकित्सकों के खिलाफ चेतावनी, अर्थदंड और पंजीकरण निलंबन तक की कार्रवाई का प्रावधान है।

सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देश

झारखंड राज्य चिकित्सा परिषद ने राज्य के सभी असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारियों को इस मामले में जिलास्तर पर संज्ञान लेने का निर्देश दिया है। जहां भी अस्पतालों, चिकित्सा संस्थानों या पंजीकृत चिकित्सकों द्वारा इस तरह के होर्डिंग्स और विज्ञापन लगाए गए हैं, वहां संबंधित लोगों के पूरे नाम, पते और विज्ञापनों की तस्वीरों के साथ परिषद को जानकारी भेजने को कहा गया है।

इसका उद्देश्य संबंधित चिकित्सकों को चेतावनी पत्र जारी करना है। इसके बावजूद सुधार नहीं होने पर उनके खिलाफ आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। परिषद ने अस्पतालों और चिकित्सकों को प्रचार-प्रसार वाले होर्डिंग्स, विज्ञापन और पोस्टर शीघ्र हटाने को कहा है।

Share This Article