पटना में मंगलवार को छात्रों का बड़ा आंदोलन शुरू हो गया है। TRE 4 के अभ्यर्थियों समेत 15 छात्र संगठनों ने गांधी मैदान से राजभवन और मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च शुरू किया है। आंदोलन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और जेपी गोलंबर से राजभवन तक कई जगह बैरिकेडिंग की गई है।
गांधी मैदान से राजभवन तक 1200 से अधिक पुलिसकर्मी और अधिकारी तैनात किए गए हैं। जेपी गोलंबर, डाकबंगला चौराहा और इनकम टैक्स चौराहे पर 200 से 250 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों और सुरक्षा जवानों की तैनाती की गई है। सीसीटीवी और सोशल मीडिया के जरिए भी निगरानी की जा रही है।
छात्र संगठनों के मार्च को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। गांधी मैदान के आसपास ऑटो, ई-रिक्शा और व्यावसायिक वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी। गायघाट से गांधी मैदान आने वाले ऑटो-ई-रिक्शा को कारगिल चौक से पश्चिम की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
आयकर गोलंबर से कोतवाली और पटना जंक्शन से डाकबंगला चौराहा जाने वाले वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। आर ब्लॉक से आयकर गोलंबर आने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्ग से भेजा जाएगा। पुलिस लाइन, बैंक रोड, बुद्धमार्ग-छज्जूबाग और टीएन बनर्जी पथ समेत कई मार्गों पर ऑटो-ई-रिक्शा नहीं चलेंगे।
एग्जीबिशन रोड से गांधी मैदान की ओर जाने वाले वाहनों को भी रोका जाएगा। यातायात पुलिस के अनुसार, आपातकालीन सेवा और न्यायिक कार्य से जुड़े वाहनों को छूट रहेगी। आम वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

