डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर:गोलमुरी थाना क्षेत्र के मस्जिद रोड स्थित केनरा बैंक में 24 सितंबर को हुई दुस्साहसिक डकैती के मामले में पुलिस अब जनता की मदद लेने के लिए आगे आई है। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले पांचों आरोपियों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है, जिसके बाद पुलिस मुख्यालय ने इन पर बड़ा शिकंजा कसते हुए इनाम की घोषणा की है।

बिना चेहरे ढंके बेखौफ वारदात को दिया अंजाम
पुलिस जांच में एक हैरान करने वाली बात सामने आई है कि वारदात के दौरान किसी भी आरोपी ने मास्क नहीं पहना था और न ही अपना चेहरा छिपाया था। केनरा बैंक में धावा बोलने के बाद सभी पांचों लुटेरे अपने कंधों पर बैग टांगे हुए अलग-अलग रास्तों से फरार हो गए थे।

सीसीटीवी फुटेज से तलाश जारी
घटना के बाद से ही पुलिस और जांच एजेंसियां आसपास के इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी हैं। पुलिस को कुछ गलियों में लगे कैमरों से लुटेरों के बैंक से बाहर निकलकर भागने की तस्वीरें हाथ लगी हैं। इन्हीं तस्वीरों के जरिए पुलिस आरोपियों की पहचान सुनिश्चित करने और उनके संभावित ठिकानों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
नागरिकों से अपील: सूचना दें, इनाम पाएं
पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने बताया कि अपराधियों तक पहुंचने के लिए पुलिस हरसंभव प्रयास कर रही है और कई ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि अगर किसी के पास भी इन पांचों आरोपियों से जुड़ा कोई भी ठोस सुराग या महत्वपूर्ण जानकारी है, तो वे पुलिस को साझा करें। सही जानकारी देने वाले हर व्यक्ति को 2-2 लाख रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। पुलिस ने यह भी साफ किया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी।

