डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया : झारखंड की गढ़वा पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय जुआ रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के ठरका गांव स्थित सुरंगही बांध के पास छापेमारी कर पुलिस ने मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ से आए 8 शातिर जुआरियों को रंगे हाथ दबोच लिया। मौके से पुलिस ने 10,49,500 रुपये नकद और चार लग्जरी कारों समेत भारी मात्रा में सामान बरामद किया है। मंगलवार को एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह ने अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस पूरे मामले का खुलासा किया।
गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई
एसडीपीओ ने बताया कि एसपी आशुतोष शेखर को गुप्त सूचना मिली थी कि ठरका गांव के सुरंगही बांध के पास बाहरी लोगों को बुलाकर बड़े पैमाने पर जुआ खिलवाया जा रहा है। इस अवैध धंधे का मुख्य संचालक अहिपुरवा गांव का रहने वाला प्रदीप डोम था, जो धोखाधड़ी और अधिक मुनाफे का लालच देकर दूसरे राज्यों के लोगों को यहां आमंत्रित करता था। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने गढ़वा डीएसपी यशोधरा के नेतृत्व में क्यूआरटी और श्री बंशीधर नगर थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार की एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सोमवार की रात उक्त स्थल पर अचानक दबिश दी।
पुलिस को देख भागे संचालक, अंधेरे का फायदा उठाकर कई फरार
पुलिस की टीम को देखते ही जुआ खेल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर करीब 15 से 20 लोग जुआ खेल रहे थे। मुख्य सरगना प्रदीप डोम और उसके कई अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे, हालांकि पुलिस ने घेराबंदी कर 8 लोगों को धर दबोचा।
बरामदगी और जब्त सामान
नकद राशि: 10,49,500 रुपये
चार लग्जरी वाहन: एक बोलेरो, दो अर्टिगा और एक टाटा नेक्सन कार
अन्य वाहन: 4 मोटरसाइकिलें
संचार उपकरण: 7 एंड्रॉयड और 1 कीपैड मोबाइल फोन
अन्य: ताश के पत्ते, एक बैग और एक इमरजेंसी लाइट
गिरफ्तार आरोपियों की सूची
पुलिस के हत्थे चढ़े सभी आरोपी पड़ोसी राज्यों के अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं।
मध्य प्रदेश (सिंगरौली जिला)
सुंदर साह और पुष्पेंद्र वैश्य (बैढ़न थाना क्षेत्र)
प्रदीप कुमार विश्वकर्मा (दसौती थाना क्षेत्र)
बाबूजी शाह (माड़ा थाना क्षेत्र)
उत्तर प्रदेश
दिलीप कुमार और राम नरेश (हमीरपुर जिले के जरिया थाना क्षेत्र)
अखिलेश उपाध्याय (सोनभद्र जिले के ओबरा थाना क्षेत्र)
छत्तीसगढ़
समभेर खां (सूरजपुर जिले के रामानुजगंज थाना क्षेत्र)
पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, फरार मुख्य संचालक प्रदीप डोम और अन्य की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। इस सफल छापेमारी अभियान में डीएसपी यशोधरा, थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक चेतन कुमार सिंह,पुलिस अवर निरीक्षक प्रदीप उरांव, पुलिस अवर निरीक्षक शशिकांत शुक्ल, हवलदार विजय कुमार यादव, आरक्षी योगेंद्र कुमार पासवान सहित क्यूआरटी के जवान शामिल थे।

