हाथों में हथकड़ी और रस्सी, फिर भी थाने से हो गया फरार, 72 घंटे में ऐसे बिछाया पुलिस ने जाल

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: पश्चिमी सिंहभूम जिले के किरीबुरू थाना क्षेत्र से पुलिस की गिरफ्त को चकमा देकर फरार होने वाले आरोपी को आखिरकार तीन दिन के भीतर ही दोबारा दबोच लिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी के पास से टूटी हुई हथकड़ी, कटी रस्सी और एक लोहे का संबल भी बरामद कर लिया है।

क्या था पूरा मामला?
​गिरफ्तार आरोपी की पहचान किरीबुरू मेन मार्केट निवासी जमीर हुसैन के 19 वर्षीय बेटे अफताब खान उर्फ टेंटर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक 29 सितंबर को किरीबुरू थाना कांड संख्या 15/26 के सिलसिले में उसे पूछताछ के लिए थाना लाया गया था। जब पुलिस ने उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार करने की प्रक्रिया शुरू की, तो वह हाथों में हथकड़ी और रस्सी बंधी होने के बावजूद पुलिसकर्मियों को चकमा देकर थाने से फरार हो गया था। इस मामले में किरीबुरू थाने में तुरंत कांड संख्या 16/26 दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई थी।

ऐसे शिकंजे में आया आरोपी
​घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए चाईबासा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर किरीबुरू एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। पुलिस की इस टीम ने तकनीकी और मैदानी सुरागों के आधार पर जाल बिछाया और महज 72 घंटे के भीतर ही आरोपी को धर दबोचा। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने टूटी हुई हथकड़ी, कटी हुई रस्सी, ढाई फीट लंबा लोहे का संबल बरामद किया है।

छापेमारी दल में शामिल अधिकारी
​इस सफल अभियान को अंजाम देने वाली टीम में एसडीपीओ बिनित कुमार किंडो, पुलिस निरीक्षक समीर तिर्की, थाना प्रभारी रोहित कुमार, थाना प्रभारी नितिश कुमार, पुअनि पियू नाग और पुअनि जिरते कुमार के अलावा किरीबुरू-गुवा थाने के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

Share This Article