पाटल‍िपुत्रा स्‍टेशन पर बवाल मामले में अब तक 6 गिरफ्तार, 500 अज्ञात पर एफआईआर

Neelam
By Neelam
3 Min Read

पटना के पाटलिपुत्र स्टेशन पर हुए उपद्रव में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पूरे घटनाक्रम पर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। मामले में अब तक छह लोगों की गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही प्रशासन ने लगभग 500 लोगों पर एफआईआर की गई है।

आक्रशित अभ्यर्थियों ने की तोड़फोड़ और पत्थरबाजी

बिहार पुलिस के मद्य निषेध विभाग की भर्ती परीक्षा को लेकर शनिवार देर रात पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर हजारो छात्र पहुंचे थे। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होनी थी, जिसके लिए बड़ी संख्या में छात्र देर रात से ही स्टेशन पर जुटे थे। कटिहार जाने वाली एग्जाम स्पेशल ट्रेन में चढ़ने को लेकर अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद नाराज अभ्यर्थियों ने ट्रेन के आगे बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और जमकर नारेबाजी की। मामला यहीं नहीं थमा बल्कि बात तोड़फोड़, पत्थरबाजी तक जा पहुंची।

स्पेशल ट्रेन की मांग पूरी होन के बाद भी हंगामा

दरअसल देर रात परीक्षार्थी जब स्टेशन पहुंचे उस दौरान स्पेशल ट्रेन की मांग को लेकर कुछ अभ्यर्थी रेलवे ट्रैक पर बैठ गए। रेलवे ट्रैक पर बैठे अभ्यर्थियों ने परीक्षा के लिए स्पेशल ट्रेन की मांग की। रेल प्रशासन ने अभ्यर्थियों की मांग को लगभग 2:00 बजे रात में पूरा भी कर दिया। हालांकि जो अभ्यर्थी ट्रैक पर बैठे थे उन्होंने स्पेशल ट्रेन आने के बाद भी, अपना प्रदर्शन जारी रखा और फिर रेलवे ट्रैक पर बिछाए जाने वाले पत्थर उठाकर पथराव शुरू कर दिया।

प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प

हंगामे की सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और जिला पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आईजी जितेंद्र राणा, एसपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी स्टेशन पहुंचे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई और पथराव शुरू हो गया। पथराव में रेल आईजी जितेंद्र राणा समेत छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए दानापुर अनुमंडल अस्पताल भेजा गया।

सीसीटीवी फुटेज से की जा रही आरोपियों  की पहचान

घटना के बाद रेल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 नामजद आरोपियों समेत करीब 500 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। वहीं, छह छात्रों को गिरफ्तार भी किया गया है। अन्य उपद्रवियों की पहचान सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर की जा रही है।

Share This Article