धनबाद, निरसा: सनातन धाम कमिटी द्वारा सनातन धर्मस्थल एवं धर्मशाला की स्थापना को लेकर गुरुवार को कुमारधुबी में भव्य कलश यात्रा निकाली गई. यात्रा में 1100 महिलाओं ने सिर पर कलश लेकर हिस्सा लिया.
गाजे-बाजे और जय श्रीराम के नारों से भक्तिमय हुआ क्षेत्र
कलश यात्रा कुमारधुबी औघड़ डंगाल से शुरू होकर मेढ़ा, मैथनमोड़, कुमारधुबी, तालडंगा और चिरकुंडा होते हुए बराकर नदी तट पहुंची. गाजे-बाजे, बैंड और “जय श्रीराम” के नारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया.
बराकर नदी तट पर पुरोहितों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच कलश में जल भरा गया. इसके बाद कलश यात्रा वापस औघड़ डंगाल पहुंची.
जगह-जगह शीतल पेयजल और शरबत की व्यवस्था
यात्रा के दौरान जगह-जगह शीतल पेयजल और शरबत की व्यवस्था की गई थी. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल भी तैनात रहा.
9 दिवसीय कार्यक्रम की हुई शुरुआत
सनातन धाम कमिटी के अध्यक्ष सह आयोजनकर्ता अमन सिंह ने बताया कि कलश यात्रा के साथ गुरुवार से 9 दिवसीय कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत हुई है. प्रतिदिन संध्या 4 बजे से 7 बजे तक सुप्रसिद्ध कथा वाचिका आदिति प्रिया पाठक द्वारा श्रीराम कथा का प्रवचन किया जाएगा.
उन्होंने बताया कि 28 अगस्त को भव्य हाईटेक सनातन धर्मशाला का भूमिपूजन, 4 सितंबर को श्री कृष्ण जन्माष्टमी तथा 5 सितंबर को भव्य भंडारा एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा. उन्होंने क्षेत्रवासियों से इस पुनीत कार्य में शामिल होकर पुण्य लाभ लेने की अपील की.

