धनबाद: धैया ठाकुर कुल्ही निवासी 32 वर्षीय मिथलेश रजक की नगर निगम की कचरा ढोने वाली गाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई. घटना मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मिथलेश रजक घर जा रहे थे. इसी दौरान गलीनुमा सड़क पर नगर निगम की कचरा ढोने वाली गाड़ी संख्या JH 10BZ-9279 बैक कर रही थी. इसी दौरान मिथलेश उसकी चपेट में आकर घायल हो गए।
घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए पहले SNMMCH में भर्ती कराया गया. वहां डॉक्टरों ने उन्हें निजी अस्पताल रेफर कर दिया. निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मिथलेश रजक की मौत हो गई।
तीन बच्चों के पिता थे मिथलेश
मिथलेश रजक शादीशुदा थे और तीन बच्चों के पिता थे. वह कपड़ा धुलाई का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
शव रखकर किया प्रदर्शन
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने नगर निगम कार्यालय के पास शव रखकर प्रदर्शन किया. ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की है।

