​राखी पर बारिश का पहरा: झारखंड में 3 सिस्टम एक्टिव, जानिए आपके शहर में कैसा रहेगा मौसम

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह के पावन पर्व रक्षाबंधन के दौरान झारखंड में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आएगा। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राज्य में 30-31 अगस्त तक लगातार बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। त्योहार के उमंग के बीच बादलों और बारिश की लुकाछिपी देखने को मिलेगी, क्योंकि इस बार एक साथ तीन बड़े वेदर सिस्टम सक्रिय होकर राज्य पर मेहरबान हैं।

रक्षाबंधन पर मौसम का हाल: एक साथ तीन सिस्टम सक्रिय
​मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद के मुताबिक इस समय बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्रों के प्रभाव से तीन शक्तिशाली मौसम प्रणालियां एक साथ प्रभावी हैं। दक्षिण उत्तर प्रदेश और उससे सटे उत्तर-पूर्व मध्य प्रदेश के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। मानसून ट्रफ लाइन रांची और दीघा से गुजरते हुए सीधे बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। इसके अलावा मध्य प्रदेश से बंगाल की खाड़ी तक एक अन्य ट्रफ लाइन भी बनी हुई है। ​इन तीनों प्रणालियों के मिले-जुले असर से सैटेलाइट तस्वीरों में पूरा झारखंड बादलों से घिरा दिखाई दे रहा है।

जानिए त्योहार के इन दिनों में किन जिलों में बरसेगी बदरा
​त्योहार के दौरान घूमने-फिरने और राखी बंधवाने जाने से पहले अपने जिले का मौसम जरूर जान लें।
28 अगस्त: पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, हजारीबाग और कोडरमा में भारी बारिश का येलो अलर्ट है। इसके अलावा चतरा, हजारीबाग, कोडरमा और गिरिडीह में वज्रपात की भी चेतावनी है, इसलिए विशेष सावधानी बरतें।
29 अगस्त: दुमका, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश की पूरी संभावना है।
30 और 31 अगस्त: मध्य और दक्षिण-पूर्वी झारखंड के कई इलाकों में भारी बारिश का दौर बना रह सकता है।

वहीं राजधानी रांची समेत आसपास के जिलों में इन दिनों लगातार बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। ऐसे में बारिश के बीच ही सही, भाई-बहन इस प्यारे त्योहार को अपनी खुशियों के साथ सेलिब्रेट करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

Share This Article