Bihar: ‘तेजस्वी यादव बिहार की सियासत के दुर्योधन’, नीतीश को अपराध-भ्रष्टाचार का भीष्म पितामह कहने से भड़के प्रशांत किशोर

Neelam
By Neelam
2 Min Read

बिहार में चुनाव से पहले आरोप-प्रत्यारोपों का दौर तेज हो गया है। इसी बीच जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने आरजेडी नेता तेजस्वी यादव पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने तेजस्वी यादव के हालिया बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि अगर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपराध और भ्रष्टाचार के ‘भीष्म पितामह’ हैं, तो तेजस्वी यादव ‘दुर्योधन’ हैं। दरअसल, हाल ही में राजद नेता तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार पर हमला बोलते हुए उन्हें अपराध और भ्रष्टाचार का ‘भीष्म पितामह’ करार दिया था। जिसका पीके ने करारा जवाब दिया है।

लालू यादव ने बिहार को गर्त में पहुंचाया

पश्चिम चंपारण में पीके ने बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी को निशाने पर लिया। पीके ने कहा, अगर नीतीश कुमार अपराध और भ्रष्टाचार के भीष्म पितामह हैं तो तेजस्वी यादव दुर्योधन हैं। तेजस्वी यादव और लालू यादव ने ही तो इस राज्य में अपराध और भ्रष्टाचार को समाज का भाग बनाया, 15 साल बिहार को गर्त में पहुंचाया। 

शेर लोगों को शाकाहारी होने की शिक्षा दे रहा-पीके

प्रशांत किशोर ने आगे कहा, बिहार की एक-एक जनता जानती है कि इनसे (आरजेडी) ज्यादा भ्रष्ट और आपराधिक प्रवृत्ति वाले कोई और नेता बिहार में नहीं आए। 15 साल में इनके मां-बाबू जी के राज में बिहार गर्त में गया। तीन साल जब ये उपमुख्यमंत्री रहे तो इन्होंने कुछ नहीं किया बल्कि और उसको खराब ही किया है। तेजस्वी यादव का अपराध और भ्रष्टाचार पर बोलना ऐसा है जैसे शेर लोगों को शाकाहारी होने की शिक्षा दे।

नीतीश की कर चुके हैं तारीफ

वैसे ये पहली बार नहीं है जब प्रशामत किशोर ने सीएम नीतीश की तारीफ की है। इससे पहले प्रशांत किशोर ने बेगूसराय में रैली के दौरान नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा था कि उनकी सरकार में अपराधियों और मंत्रियों ने करप्शन किया है। लेकिन व्यक्तिगत तौर पर नीतीश कुमार ईमानदार हैं। इस बात को कहने में कोई गुरेज नहीं है।

Share This Article