Bihar: महागठबंधन में सीट बंटवारे पर फंसा पेंच, जानें कहां अटक रहा मामला

Reena Sharma
3 Min Read

बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद दोनों प्रमुख गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर हलचल तेज है। पटना से लेकर दिल्ली तक बैठकों का दौर जारी है। हालांकि, दोनों खेमों में सीट बंटवारा फाइनल होते-होते अटक रहा है। महागठबंधन के भीतर सीट बंटवारे पर मतभेद गहराते जा रहे हैं। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर अब तक सहमति नहीं बन पाई है। सूत्रों के अनुसार, सोमवार रात हुई बैठक में आरजेडी ने कांग्रेस को करीब 54 सीटें देने का प्रस्ताव दिया, जबकि कांग्रेस 10 और सीटों की मांग पर अड़ी हुई है। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस 243 सीटों में से 64 सीटें चाहती है।

आरजेडी के नेतृत्व वाली विपक्षी इंडिया गठबंधन में सीट बंटवारे पर मची हलचल के बीच मंगलवार देर शाम तेजस्वी यादव के साथ बैठकों का दौर जारी रहा है। सोमवार देर रात तक कांग्रेस और आरजेडी नेताओं की हुई बैठक के बाद सूत्रों ने बताया कि आरजेडी करीब 54 सीटें कांग्रेस को देने पर तैयार हो गई है। हालांकि कांग्रेस 10 और सीटों की मांग कर रही है। ऐसे में बीच का रास्ता निकालने की कोशिश जारी है।

लेफ्ट पार्टियों ने भी बढ़ाई मुश्किलें

Advertisement

इस बीच भाजपा माले ने राजद की ओर से दिए गए 19 सीटों के ऑफर को खारिज कर दिया है। बीते लोकसभा चुनाव और 2000 के विधानसभा चुनाव में माले का स्ट्राइक रेट शानदार था। इस आधार पर वह कम से कम 30 सीटों की डिमांड कर रही है। इस बीच राजद ने अन्य वामपंथी दलों को 10 सीटें देने का प्रस्ताव दिया है। राजद खुद 140 सीटों पर लड़ना चाहती है। रिपोर्ट है कि मंगलवार को तेजस्वी यादव ने वामपंथी दलों के नेताओं के साथ अपने आवास पर एक अहम मीटिंग की। इसके बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा के साथ भी तेजस्वी यादव की मीटिंग हुई।

वीआईपी ने डिप्टी सीएम पद और 20 से ज्यादा सीटें मांगी

सूत्रों के मुताबिक, राजद ने मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) को 12 सीटों का प्रस्ताव दिया है, लेकिन मुकेश सहनी की पार्टी 20 से अधिक सीटों और उपमुख्यमंत्री पद की मांग कर रही है। इसके अलावा, जेएमएम, पशुपति पारस की राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (आरएलजेपी) और आईपी गुप्ता की इन्क्लूसिव पार्टी को भी आरजेडी और कांग्रेस अपने-अपने कोटे से समायोजित करेंगे।

तय फॉर्मूले को मानने में सहयोगी दलों की आनाकानी

सूत्र बता रहे हैं कि अब तक जो फॉर्मूला तय हुआ है उसके हिसाब से इंडिया गठबंधन में राजद के खाते में करीब 130, कांग्रेस को 55 सीट, वामदल को 35, वीआईपी को 20 सीटें मिल सकती है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पार्टी झामुमो और पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस की पार्टी रालोजपा राजद कोटे से पांच सीओं पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है। लेकिन, इस फॉर्मूले को मानने में बिहार कांग्रेस के नेता आनाकानी कर रहे हैं। 

Share This Article