Bihar: चुनाव से पहले चिराग पासवान को झटका, लोजपा प्रत्याशी सीमा सिंह का नामांकन रद्द

Reena Sharma
3 Min Read

बिहार विधानसभा चुनाव में चिराग पासवान को मतदान होने से पहले बड़ा झटका लगा है। चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी-रामविलास (लोजपा-आर) की प्रत्याशी सीमा सिंह का पर्चा रद्द हो गया है। सीमा सिंह ने छपरा जिले की मढ़ौरा विधानसभा सीट से नामांकन दाखिल किया था। मढ़ौरा में पहले चरण में 6 नवंबर को मतदान होना है।

नामांकन पत्र रद्द होने की वजह

नामांकन रद्द होने की पुष्टि चुनाव अधिकारियों ने की, जिसके पीछे एक गंभीर तकनीकी त्रुटि को कारण बताया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीमा सिंह के नामांकन पत्र में सिंबल (चुनाव चिह्न) वाले फॉर्म को भरने में बड़ी चूक हुई थी।नामांकन पत्र की जांच में पाया गया कि उम्मीदवार की जगह प्रस्तावक का नाम लिखा गया था। प्रस्तावक की जगह पार्टी का नाम (लोजपा-आर) अंकित कर दिया गया था।

Advertisement

समय पर संशोधित फॉर्म नहीं किया गया जमा

नामांकन के अंतिम दिन दोपहर करीब 3 बजे सीमा सिंह ने पर्चा दाखिल किया था। निर्वाचन आयोग की ओर से उन्हें गड़बड़ी सुधार कर शाम तक पुनः जमा करने का मौका दिया गया था, लेकिन वे समय पर संशोधित फॉर्म जमा नहीं कर सकीं। इस कारण उनकी उम्मीदवारी रद्द कर दी गई। सीमा सिंह मूल रूप से बरबीघा की रहने वाली हैं। उन्हें लोजपा (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया था।

मढ़ौरा सीट पर समीकरण पूरी तरह बदला

मढ़ौरा सीट से कुल 13 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया था, जिनमें से चार उम्मीदवारों का पर्चा रद्द हो गया है। एलजेपी(R) की सीमा सिंह के अलावा बीएसपी के आदित्य कुमार, निर्दलीय उम्मीदवार विशाल कुमार और अल्ताफ आलम राजू का पर्चा रद्द हो गया है। इसके साथ हीमढ़ौरा सीट पर अब समीकरण पूरी तरह बदल गए हैं। सीमा सिंह के बाहर होने के बाद, यह सीट अब मुख्य रूप से राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के मौजूदा विधायक जितेंद्र कुमार राय के लिए एकतरफा मुकाबला बन गई है, हालांकि जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अभय सिंह कुछ चुनौती पेश कर सकते हैं।

कौन हैं सीमा सिंह ?

सीमा सिंह ने चिराग पासवान की पार्टी एलजेपी से अपना नामांकन दाखिल किया था जो रद्द हो गया और इसके साथ ही उनका विधायक बनने का सपना भी टूट गया। सीमा सिंह भोजपुरी फिल्मों में काम करती हैं। भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में सीमा सिंह vs आइटम गर्ल के तौर पर भी अपनी खास पहचान बनाई है। लेकिन राजनीति की दुनिया में कदम रखने का उनका सपना टूट गया।

Share This Article