चुनावी रणनीतिकार से राजनेता बने प्रशांत किशोर नए विवाद के केंद्र में हैं। उन पर दो अलग-अलग राज्यों के वोटर आईडी कार्ड रखने का आरोप है। एक बिहार का और दूसरा पश्चिम बंगाल का। इस सनसनीखेज खुलासे ने बिहार के राजनीतिक गलियारों में खलबली मचा दी है। विवाद गहराते ही, चुनाव आयोग भी हरकत में आ गया है। दो वोटर आईडी कार्ड रखने के मामले में चुनाव आयोग ने उन्हें नोटिस भेजा है। आयोग ने इस मामले में उनसे तीन दिन में जवाब मांगा है।

सासाराम के रिटर्निंग ऑफिसर ने भेजा नोटिस
मिली जानकारी के अनुसार सासाराम जिले के रिटर्निंग ऑफिसर ने प्रशांत किशोर को नोटिस भेजा है। रिटर्निंग ऑफिसर ने प्रशांत किशोर से तीन दिन में जवाब मांगा है।
बंगाल में भी मतदाता सूची में पीके का नाम
रिपोर्ट के मुताबिक प्रशांत किशोर का नाम पश्चिम बंगाल और बिहार दोनों जगहों की वोटर लिस्ट में मौजूद है। बंगाल में उनका नाम कोलकाता के 121 कालीघाट रोड के पते पर दर्ज है। ये वही पता है जहां तृणमूल कांग्रेस मुख्यालय है और यह इलाका मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के विधानसभा क्षेत्र भवानीपुर में आता है। बताया जा रहा है कि जब 2021 में पीके ने ममता बनर्जी के लिए चुनावी रणनीति बनाई थी, तब उनका नाम वहीं दर्ज हुआ था।
पैतृक गांव के वोटर लिस्ट में है नाम
वहीं दूसरी ओर बिहार के रोहतास जिले के कोंअर गांव की वोटर लिस्ट में भी प्रशांत किशोर का नाम है। यह उनका पैतृक गांव है, जो करगहर विधानसभा क्षेत्र में आता है। यहां उनका मतदान केंद्र माध्य विद्यालय, कोंअर बताया गया है।
आईडी जन सुराज ने दी सफाई
इस पूरे मामले पर, प्रशांत किशोर की पार्टी ‘जन सुराज’ ने तुरंत एक बयान जारी कर सफाई दी है। जन सुराज पार्टी ने अपने प्रवक्ता सौरभ सिंह के माध्यम से इस मामले पर सफाई पेश की है। उनका दावा है कि प्रशांत किशोर ने 2021 में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान काम करते समय वहां की वोटर लिस्ट में नाम दर्ज कराया था, जो कि नियमों के अनुसार किसी भी व्यक्ति के लिए अपने काम या व्यवसाय के लिए अन्य राज्य में रहते हुए संभव है। सौरभ सिंह ने बताया कि 2022 में बिहार लौटने और ‘जन सुराज’ यात्रा शुरू करने के बाद, पीके ने स्वयं चुनाव आयोग से अनुरोध किया था कि उनका नाम बंगाल की मतदाता सूची से हटाकर बिहार में जोड़ा जाए। उनका तर्क है कि चूंकि ये आवेदन काफी पहले दिया जा चुका था, इसलिए प्रक्रिया पूरी न होने की जिम्मेदारी पीके की नहीं है।

