Bihar: बिहार में ठंड का डबल अटैक, कोहरे के साथ पछुआ हवा ने बढ़ाई कनकनी, शीतलहर का अलर्ट जारी

Reena Sharma
3 Min Read

बिहार में सर्दी का असर दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है। पछुआ हवा ने ठिठुरन बढ़ा दी है। हवा की रफ्तार 30 किमी प्रति घंटे से चल रही है। रविवार देर रात और आज सुबह काफी ठंड महसूस हुई। प्रदेश में चल रही ठंडी हवाओं के कारण कई जिलों में न्यूनतम तापमान तेजी से नीचे जा रहा है। कई जिलों में न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है।

आज शुष्क रहेगा पूरे प्रदेश का मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी पटना, गया, सहरसा, कटिहार और अन्य जिलों में ठंड का असर दिखने लगा है। इस बीच, मौसम विभाग ने आज 8 दिसंबर के लिए मौसम अपडेट जारी किया है। इसके अनुसार, आज पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने वाला है।

Advertisement

पछुआ हवा के कारण तापमान गिरा

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार पछुआ हवा के कारण सुबह और रात का तापमान लगातार नीचे जा रहा है। पछुआ हवा से न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं दिन में धूप निकलने से अधिकतम तापमान में थोड़ा आराम मिला, लेकिन हवा की ठंडक अब भी बनी हुई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी सुबह और रात का तापमान 2 से 3 डिग्री तक नीचे जा सकता है।

सुबह के समय सतर्क रहने की सलाह

कुछ हिस्सों में हल्का कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है। मौसम विभाग ने यात्रियों को सुबह के समय सतर्क रहने की सलाह दी है। सुबह के समय कई जिलों में घना कोहरा छाया रहने से विजिबिलिटी काफी कम हो गई। इसका सीधा असर रेल यातायात पर पड़ा।

ट्रेनों के परिचालन पर असर

कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ा है। डिब्रूगढ़ लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस, साउथ बिहार एक्सप्रेस, पूर्वा एक्सप्रेस, विभूति एक्सप्रेस, झाझा दानापुर फास्ट पैसेंजर, श्रमजीवी एक्सप्रेस, कोलकाता गाजीपुर सिटी एक्सप्रेस देर से पहुंची। वहीं रेलवे की ओर से कोहरे को देखते हुए दिल्ली से जाने वाली चार ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। इनमें उपासना एक्सप्रेस, नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस और नई दिल्ली मालदा टाउन एक्सप्रेस आज रद्द हैं। वही महानंदा एक्सप्रेस 11, 14 और 18 दिसंबर को रद्द की गई।

Share This Article