ओडिशा के राउरकेला हवाई पट्टी से लगभग 9 किलोमीटर दूर एक छोटे विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। उड़ान के दौरान विमान में तकनीकी खराबी का पता चलने के बाद पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए आपात लैंडिंग का फैसला लिया।
सभी यात्री सुरक्षित, पायलट गंभीर रूप से घायल
विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं, हालांकि हादसे में पायलट को गंभीर चोटें आई हैं। घायल पायलट को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
भुवनेश्वर से राउरकेला जा रहा था विमान
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह 9 सीटों वाला छोटा विमान भुवनेश्वर से राउरकेला जा रहा था। टेक-ऑफ के लगभग 10 किलोमीटर बाद ही विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में कुल चार यात्री और दो क्रू मेंबर सवार थे।
कैप्टन नवीन कडंगा और तरुण श्रीवास्तव थे क्रू में
विमान के क्रू मेंबर के रूप में कैप्टन नवीन कडंगा और कैप्टन तरुण श्रीवास्तव मौजूद थे।
अधिकारियों ने पुष्टि की है कि इस हादसे में कुल छह लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
तीन फायर ब्रिगेड टीमों ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। मौके पर तीन फायर ब्रिगेड की टीमें तैनात की गईं। स्थानीय लोगों और पुलिस ने भी रेस्क्यू ऑपरेशन में अहम भूमिका निभाई, जिससे समय रहते सभी को बाहर निकाल लिया गया।
घटना की जांच में जुटे अधिकारी
फिलहाल विमान हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारी तकनीकी खराबी सहित सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रहे हैं।

