बिहार में भीषण ठंड पड़ रही है। कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जन जीवन अस्त व्यस्त कर रखा है। इसी कोहरे के कारण पटना जिले के बाढ़ में एक बड़ा दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। जहां पर घनी धुंध के कारण तीन गाड़ियां आपस में टकरा गई। इस हादसे में पिता और पुत्री की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

कंटेनर से टकराईं दो कारें
बाढ़ अनुमंडल के अथमलगोला थाना क्षेत्र अंतर्गत बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन पर फुलेलपुर गांव के पास सोमवार देर रात घने कोहरे के कारण भीषण सड़क हादसा हो गया। कोहरे के कारण दो कार कंटेनर से टकरा गई। इस हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई। जबकि, चार लोग बुरी तरह घायल हैं।
दोनों कार के परखच्चे उड़े
जानकारी के अनुसार, फोरलेन पर चल रहे एक कंटेनर ट्रक का पीछे का टायर अचानक ब्लास्ट हो गया, जिससे ट्रक अनियंत्रित हो गया। इसी दौरान पीछे से आ रही सफेद स्कॉर्पियो गाड़ी कंटेनर से जा टकराई। इसके बाद पीछे से आ रही ब्लैक क्रेटा कार भी हादसे का शिकार हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों कार के परखच्चे उड़ गए।
हादसे के बाद फोरलेन पर लगा जाम
दुर्घटना के बाद फोरलेन पर करीब आधे घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। सड़क पर लगभग एक किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित कराया। मृतक पिता का शव वाहन में फंसा होने के कारण एनएचएआई की मदद से क्रेन मंगवाई गई। काफी मशक्कत के बाद दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटाया गया और शव को बाहर निकाला गया। इस दौरान एक बार फिर करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।

