धनबाद। धनबाद नगर निगम चुनाव को लेकर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांति मोर्चा (जेएलकेएम) ने अपनी चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। मंगलवार को धनबाद परिसदन में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी ने अपने मेयर प्रत्याशी के नाम का औपचारिक ऐलान किया। इस दौरान जेएलकेएम नेतृत्व ने पार्टी के केंद्रीय प्रवक्ता प्रकाश महतो को धनबाद नगर निगम चुनाव के लिए मेयर पद का उम्मीदवार घोषित किया।
प्रेस वार्ता में पार्टी सदस्य सुशील मंडल ने बताया कि प्रकाश महतो लंबे समय से संगठन से जुड़े हुए हैं और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार मुखर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रकाश महतो का संगठनात्मक अनुभव, जनसरोकारों की समझ और मजबूत जनसंपर्क पार्टी की मजबूती है। इन्हीं कारणों से पार्टी ने उन्हें मेयर पद के लिए मैदान में उतारने का निर्णय लिया है।
जेएलकेएम नेताओं ने स्पष्ट किया कि पार्टी धनबाद नगर निगम में पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितकारी प्रशासन स्थापित करने के उद्देश्य से चुनाव लड़ रही है। उनका कहना है कि नगर निगम क्षेत्र में आम जनता को मूलभूत सुविधाओं के लिए जूझना पड़ रहा है, जिसे बदलना पार्टी की प्राथमिकता होगी।
प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी नेतृत्व ने धनबाद शहर की समस्याओं पर भी खुलकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल संकट, जर्जर सड़कें, जलनिकासी की समस्या और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। जेएलकेएम का दावा है कि यदि जनता का समर्थन मिला तो इन सभी मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा और शहर के समग्र विकास की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
जेएलकेएम के इस ऐलान के बाद धनबाद नगर निगम चुनाव का राजनीतिक माहौल और भी गर्म होता नजर आ रहा है।

