Bihar: छत्तीसगढ़ में बिहार के 6 मजदूरों की मौत, सीएम नीतीश ने किया मुआवजे का ऐलान

Neelam
By Neelam
3 Min Read

छत्तीसगढ़ के बालोदाबाजार जिले में एक स्टील प्लांट में हुए भीषण हादसे ने बिहार के गया जिले के 6 मजदूरों की जिंदगी छीन ली। कोयले की भट्टी में हुए जोरदार धमाके में बिहार के छह मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए।

एक ही गांव के 6 मजदूरों की मौत

गुरुवार सुबह छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार स्थित निजी स्टील प्लांट में कोयला भट्ठी के पास अचानक विस्फोट हो गया। गैस रिसाव और आग की चपेट में आकर छह मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई।ये सभी लोग गयाजी जिले के डुमरिया थाना क्षेत्र के गोटीबांध गांव के रहने वाले थे। एक ही गांव के 6 मजदूरों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा है।

मुआवजे का ऐलान

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हादसे पर शोक जताया है। साथ ही मृतकों को दो-दो लाख रुपये तथा हादसे में घायल बिहार के मजदूरों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

मृतकों की हुई पहचान

मृतकों की पहचान श्रवण कुमार (22), राजदेव कुमार (22), जितेंद्र (37), बदरी भुइयां (42), विनय भुइयां (40) और सुंदर भुइयां (40) के रूप में हुई है। सभी मृतक गया जिले के नक्सल प्रभावित डुमरिया प्रखंड के गोटीबांध गांव के रहने वाले थे। हादसे में कल्पू भुइयां (44) और रामू भुइयां (34) समेत कुल पांच मजदूर घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। घायलों में झारखंड के भी तीन मजदूर शामिल हैं।

कैसे हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि अचानक कोयले की भट्टी से घना धुआं निकलने लगा, जिसके बाद वहां मौजूद अधिकारियों ने मजदूरों को बाहर निकलने का निर्देश दिया। हालांकि, सभी मजदूरों के सुरक्षित बाहर निकलने से पहले ही भट्टी में जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना शक्तिशाली था कि पूरे प्लांट में अफरा-तफरी मच गई। बालोदाबाजार की पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने बताया कि हादसे के बाद कुल 11 मजदूरों को बाहर निकाला गया, जिनमें से छह की मौके पर ही मौत हो गई। बाकी घायल मजदूरों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में अधिकांश बिहार और झारखंड के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस और प्रशासन मृतकों व घायलों के परिजनों से लगातार संपर्क में हैं।

Share This Article