धनबाद। पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद मंडल में ऑपरेशन सतर्क के तहत रेल सुरक्षा बल (RPF) को बड़ी सफलता मिली है। RPF की संयुक्त टीम ने धनबाद स्टेशन से 60 अदद अंग्रेजी शराब के साथ एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की कुल मात्रा 27,000 एमएल तथा बाजार मूल्य ₹29,200 आंकी गई है।


प्लेटफॉर्म नंबर 08 पर संदिग्ध की धरपकड़
वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर गठित स्पेशल टास्क टीम द्वारा 04-05 फरवरी 2026 की रात धनबाद स्टेशन पर गश्त एवं निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 08 के लिफ्ट के पास एक युवक को दो सफेद झोले लेकर जाते हुए देखा गया। शक होने पर जब RPF जवानों ने पूछताछ की तो युवक घबरा गया और भागने का प्रयास करने लगा, जिसे गश्ती दल ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।
ई-रिक्शा से भी मिली शराब
पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना नाम दीपक कुमार (20 वर्ष), पिता उदय यादव, निवासी धनसार, धनबाद बताया। तलाशी के दौरान दोनों झोलों में Royal Stag ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद हुई। आगे पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने मनई टांड से शराब लोड कर ई-रिक्शा (JH10CH 9277) के जरिए धनबाद स्टेशन पहुंचाया था और उसे बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचने की योजना थी। ई-रिक्शा में रखे तीसरे थैले से भी शराब बरामद की गई।
जब्त शराब का विवरण
40 बोतल Royal Stag Premier Whisky (375 ml)
08 बोतल Royal Stag Premier Whisky (375 ml)
12 बोतल Royal Stag Premier Whisky (750 ml)
सभी शराब की बोतलों पर “FOR SALE IN JHARKHAND ONLY” अंकित पाया गया।
उत्पाद विभाग को सौंपने की प्रक्रिया
RPF द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर जब्त शराब के साथ उत्पाद विभाग को सुपुर्द करने की प्रक्रिया की जा रही है। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि अधिक पैसे कमाने की लालच में वह झारखंड से शराब बिहार ले जाकर बेचता था।
गश्ती दल की अहम भूमिका
इस सफल कार्रवाई में RPF पोस्ट धनबाद एवं CIB धनबाद के अधिकारी व जवानों की अहम भूमिका रही।

