झारखंड सरकार ने 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों को न्याय और राहत देने की दिशा में एक अहम कदम उठाया है। गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने बोकारो जिले के चिन्हित दंगा पीड़ितों के लिए 14.62 लाख रुपये की मुआवजा राशि आवंटित कर दी है।
पीड़ित परिवारों को दिया जाएगा मुआवजा
विभाग द्वारा इस राशि के आवंटन को 29 जनवरी को औपचारिक स्वीकृति प्रदान की गई थी। अब यह फंड उन पीड़ित परिवारों को दिया जाएगा, जो बीते कई दशकों से मुआवजे का इंतजार कर रहे थे।
आवंटित राशि का वितरण पूरी तरह पारदर्शी
इस संबंध में विभाग के सचिव ने बोकारो के उपायुक्त (डीसी) को पत्र लिखकर आवश्यक जानकारी दी है और भुगतान की प्रक्रिया शीघ्र सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि आवंटित राशि का वितरण पूरी तरह पारदर्शी तरीके से किया जाए।
सूची में दर्ज नाम को भुगतान
सरकार ने साफ किया है कि मुआवजे का भुगतान केवल उन्हीं दंगा पीड़ितों को किया जाएगा, जिनके नाम सरकारी सूची में दर्ज हैं, ताकि किसी प्रकार की अनियमितता न हो।
इस फैसले से लंबे समय से न्याय की आस लगाए बैठे पीड़ित परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

