धनबाद – शाम 5 बजे तक 46.98% मतदान : अब 27 फरवरी को मतगणना पर नजर

KK Sagar
3 Min Read

धनबाद नगर निकाय चुनाव सोमवार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। शाम 5 बजे तक धनबाद नगर निगम क्षेत्र में 46.98% और चिरकुंडा नगर परिषद में 61.40% मतदान दर्ज किया गया। कई बूथों पर 5 बजे के बाद भी टोकन लेकर मतदाता कतार में खड़े रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी केंद्रों पर मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम प्रतिशत जारी किया जाएगा।

उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि शाम 5 बजे तक धनबाद नगर निगम क्षेत्र में 4,22,790 मतदाता और चिरकुंडा नगर परिषद में 22,704 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर हल्की-फुल्की व्यवधान की स्थिति बनी, लेकिन सेक्टर मजिस्ट्रेट और संबंधित अधिकारियों ने त्वरित हस्तक्षेप कर स्थिति को सामान्य कर दिया।

पूरे जिले में 1019 मतदान केंद्र बनाए गए थे। कलेक्ट्रेट स्थित कंट्रोल रूम से लगातार मॉनिटरिंग की गई और तीन अलग-अलग कंट्रोल रूम के जरिए पीठासीन पदाधिकारियों से सीधा संपर्क बनाए रखा गया। प्रशासनिक टीमों के बीच समन्वय के कारण मतदान प्रक्रिया सुचारू रही।

वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि सभी बूथों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे और कहीं से भी किसी बड़ी घटना की सूचना नहीं मिली। सिटी हॉक्स, जिला पुलिस और अतिरिक्त बलों की तैनाती से माहौल पूरी तरह नियंत्रण में रहा।

अब अगला चरण मतगणना का है। 27 फरवरी को राजकीय पॉलिटेक्निक धनबाद में मतों की गिनती होगी। धनबाद नगर निगम के लिए 11 हॉल और चिरकुंडा नगर परिषद के लिए 4 हॉल निर्धारित किए गए हैं। प्रत्येक हॉल में 8 से 12 टेबल लगाए जाएंगे। मतपेटिकाओं को सुरक्षित रूप से स्ट्रांग रूम में जमा कर सील किया जाएगा।

सुरक्षा के मद्देनजर स्ट्रांग रूम में तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी। सबसे अंदर झारखंड आर्म्ड पुलिस की तैनाती रहेगी, जबकि बाहरी घेरों में जिला पुलिस निगरानी करेगी।

प्रशासन ने चुनाव प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में सहयोग के लिए अधिकारियों, कर्मियों और मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया है। अब सबकी निगाहें 27 फरवरी की मतगणना पर टिकी हैं।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....