पटना यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान संपन्न, वोटिंग के बीच चली गोली

Neelam
By Neelam
2 Min Read

पटना यूनिवर्सिटी स्टूडेंट यूनियन के लिए हो रहा मतदान 2.30 बजे समाप्त हो गया है। अब 4.30 बजे से मतगणना शुरू होगी और शाम तक नतीजे आ जाएंगे। इससे पहले वोटिंग के दौरान पटना साइंस कॉलेज में गोली चली। बाइक सवार दो युवकों ने हवाई फायरिंग की।

पटना साइंस कॉलेज में फायरिंग

छात्र संघ चुनाव के दौरान पटना साइंस कॉलेज में गोली चली। सूचना मिलते ही पटना टाउन डीएसपी-1 के नेतृत्व में पीरबहोर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की तफिश में जुट गई। फायरिंग की सूचना के बाद मतदान स्थल और आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया, वहीं सुरक्षा के मद्देनज़र अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई।

जांच में जुटी पुलिस

एसडीपीओ राजेश रंजन ने बताया कि एक खोखा बरामद हुआ है। किसी को डरने की जरूरत नहीं है। प्रशासन यहां पर मौजूद है। और पुलिस फोर्स मंगाया गया है। राजेश रंजन ने बताया कि हम लोग पता कर रहे हैं कि किसने इस तरीके का काम किया है।

अध्यक्ष पद के उम्मीदवार रिंकल यादव गिरफ्तार

इससे पहले छात्र संघ चुनाव के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार रिंकल यादव को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। रिंकल यादव जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) समर्थित उम्मीदवार हैं और पार्टी प्रमुख तेज प्रताप यादव से जुड़े माने जाते हैं। उनकी गिरफ्तारी की खबर फैलते ही समर्थकों ने विश्वविद्यालय परिसर में जमकर हंगामा किया और नारेबाजी शुरू कर दी।

किस पद के लिए कितने उम्मीद्वार?

बता दें कि पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में सेंट्रल पैनल के 5 पद के लिए 41 और काउंसलर के लिए 45 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं, अध्यक्ष पद के लिए 11 उम्मीदवार, महासचिव के लिए 9, उपाध्यक्ष के लिए 8, संयुक्त सचिव के लिए 6 और कोषाध्यक्ष पद के लिए 7 प्रत्याशी मैदान में हैं। जिसके भाग्य का फैसला छात्र मतदाताओं ने कर दिया है। अब बस मतों की गिनती का इंतजार है।

Share This Article