रामगढ़। टाटा स्टील के वेस्ट बोकारो डिवीजन में संस्थापक जमशेदजी टाटा की 187वीं जयंती बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। समारोह की शुरुआत 2 मार्च को जे एन टाटा पार्क में लाइटिंग प्रदर्शनी के उद्घाटन के साथ हुई।
मुख्य अतिथि नरेंद्र कुमार गुप्ता, चीफ, क्वरी SEB, वेस्ट बोकारो डिवीजन ने प्रदर्शनी का उद्घाटन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। पार्क को आकर्षक रोशनी और थीम आधारित सजावट से भव्य रूप में सजाया गया, जिससे उसकी सुंदरता और निखर उठी। टाउनशिप के प्रमुख स्थलों—जनरल मैनेजर ऑफिस, जनरल सर्विसेज ऑफिस, सीएमसी चौक, पटेल चौक तथा सर दोराबजी टाटा पार्क—को भी विशेष प्रकाश सज्जा से सजाया गया। इन सभी स्थानों पर की गई सजावट से पूरे टाउनशिप में उत्सव का माहौल जीवंत हो उठा।
3 मार्च को जे एन टाटा पार्क में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। मुख्य अतिथि नरेंद्र कुमार गुप्ता के साथ राजीव कुमार सिंह, चीफ, प्रोजेक्ट एंड कंस्ट्रक्शन वेस्ट बोकारो, ई एंड पी, तथा टाटा स्टील के अन्य अधिकारियों ने जमशेदजी एन टाटा को पुष्पांजलि अर्पित की। इसके उपरांत जनरल सर्विसेज ऑफिस में भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर को और विशेष बनाने के लिए वरिष्ठ प्रबंधन एवं अधिकारियों की पत्नियों ने टाटा मेन हॉस्पिटल, वेस्ट बोकारो में मरीजों के बीच फल वितरित किए। कार्यक्रम में अस्पताल के चिकित्सकों तथा टाटा स्टील के अधिकारियों ने भी सहभागिता की। सभी ने मिलकर मरीजों को स्नेह और संवेदना का एहसास कराया तथा उनके चेहरों पर मुस्कान लाने का प्रयास किया।
गौरतलब है कि 3 मार्च को संस्थापक दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस दिन जमशेदजी टाटा की जयंती पर उनकी दूरदर्शिता और अमिट विरासत को श्रद्धापूर्वक याद किया जाता है। उनकी सोच और मूल्यों ने भारत के औद्योगिक विकास को नई दिशा दी और आज भी टाटा स्टील के नैतिक मानकों एवं व्यावसायिक आचरण का मार्गदर्शन कर रहे हैं।
इस वर्ष के समारोह की थीम रही — “वन विज़न, वन टाटा स्टील”, जिसने संगठन की एकता, प्रतिबद्धता और साझा उद्देश्य को रेखांकित किया।

