धनबाद- ऑपरेशन सतर्क के तहत धनबाद रेलवे स्टेशन से पटाखों के साथ एक व्यक्ति को गिरफ़्तार किया है। पटाखे को ट्रेन में ले जाने के संबंध में कागजात नहीं दिखने के बाद उसे रेलवे स्टेशन से गिरफ्तर कर लिया गया। फिलहाल मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देशन में रेसुब पोस्ट धनबाद व CIB/DHN के संयुक्त स्पेशल टास्क टीम के द्वारा गश्ती के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 02 पर खड़ी गाड़ी गंगा सतलज एक्सप्रेस के इंजन की ओर सामान्य कोच के तरफ एक व्यक्ति को तेजी से प्लास्टिक का बोरा और एक पिठ्ठू बैग के साथ ट्रेन में बैठने के लिए जाते हुए देखा।
संदेह के आधार पर व्यक्ति को रोककर पूछताछ करने पर उसने अपना नाम गगन कुमार बताया। जो बिहार के कैमूर जिले का रहने वाला है। उसके सामान के साथ मौजूद प्लास्टिक का बोरा चेक करने पर पदार्थ पटाखे बरामद हुए। बरामद ज्वलनशील पदार्थ पटाखे को ट्रेन में ले जाने के संबंध में कागजात मांगने पर उसके द्वारा कोई भी वैध कागजात मौके पर प्रस्तुत नहीं किया गया। जिसके बाद पटाखे को ज़ब्त किया गया।
ज्वलनशील पदार्थ के साथ ट्रेन में सफर करने का आरोप में उस शख्स को गिरफ़्तार कर लिया गया। रेल अधिनियम के विरुद्ध गगन कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जब्त किए गए पटाखों की अनुमानित क़ीमत क़रीब 28 हजार रुपए बताई जा रही है।

